Maharajganj: पकड़ी रेंज में वन विभाग का ऑपरेशन मॉनिटर लिजार्ड, तीन वन्यजीव तस्कर गिरफ्तार

सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग की पकड़ी रेंज में वन विभाग ने संरक्षित वन्यजीव मॉनिटर लिजार्ड (गोह) की तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 25 June 2026, 7:17 PM IST

Maharajganj: सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग की पकड़ी रेंज में वन विभाग ने वन्यजीव अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए मॉनिटर लिजार्ड (गोह) के अवैध शिकार और तस्करी में शामिल तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। वन विभाग की इस कार्रवाई को वन्यजीव संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

गुप्त सूचना पर शुरू हुई निगरानी

वन विभाग को क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके बाद पकड़ी रेंज की टीम ने सघन निगरानी शुरू की। सूचना की पुष्टि होने पर विभागीय टीम ने मौके पर छापेमारी कर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक संरक्षित वन्यजीव मॉनिटर लिजार्ड बरामद किया गया, जिसे अवैध रूप से पकड़कर ले जाया जा रहा था।

तीनों आरोपियों की हुई पहचान

पूछताछ में आरोपियों की पहचान शंकर पुत्र लक्ष्मण, साहिल पुत्र नथई और सागर पुत्र छविलाल निवासी जयप्रकाश नगर वार्ड नंबर-07, नगर पालिका परिषद महराजगंज के रूप में हुई। वन विभाग ने तीनों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

छापेमारी में मॉनिटर लिजार्ड बरामद

वन विभाग के अधिकारियों ने बरामद मॉनिटर लिजार्ड को अपने कब्जे में लेकर उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे सुरक्षित रूप से उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

वन विभाग ने दी सख्त चेतावनी

क्षेत्रीय वन अधिकारी पकड़ी रेंज सुशांत मणि त्रिपाठी ने बताया कि वन्यजीवों के अवैध शिकार, तस्करी और व्यापार में शामिल लोगों के खिलाफ विभाग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वन्यजीव अपराध से जुड़ी किसी भी जानकारी को तत्काल वन विभाग तक पहुंचाएं ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Location :  Maharajganj

Published :  25 June 2026, 7:17 PM IST