बंधे पर नहीं मिला काम, फाइलों में दौड़ पड़ा विकास! तहसीलदार की रिपोर्ट से सिंचाई विभाग के दावों की खुली पोल

महराजगंज में बाढ़ सुरक्षा तटबंध को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। विभाग ने मरम्मत पूरी होने का दावा किया, लेकिन तहसीलदार के निरीक्षण में तस्वीर कुछ और ही मिली। इतना ही नहीं, विभाग ने जो फोटो भेजीं, उनमें शिकायत वाले स्थान की एक भी तस्वीर नहीं थी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 14 July 2026, 8:14 PM IST

Maharajganj: बाढ़ सुरक्षा के नाम पर किए जा रहे कार्यों को लेकर सिंचाई विभाग एक बार फिर सवालों के घेरे में है। निचलौल तहसील क्षेत्र के ग्राम भेड़िहारी स्थित नारायणी बड़ी गंडक नदी के ठोकर-1 पर बने नए तटबंध में बड़े-बड़े रेनकट मिलने के बाद तहसीलदार अमित सिंह के निरीक्षण ने विभागीय दावों की पोल खोल दी। निरीक्षण के दौरान मौके पर कोई मरम्मत कार्य नहीं मिला, जबकि विभाग ने पहले ही रेनकट भरने का दावा कर दिया था।

अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश

तहसीलदार अमित सिंह ने निरीक्षण के बाद संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके जवाब में क्षेत्रीय अवर अभियंता मन्नू चौधरी ने बताया कि लगातार हुई बारिश के कारण कई तटबंधों पर रेनकट बने हैं और उन्हें भरने का कार्य कराया जा रहा है।

ये भी पढ़ें- अब चुप नहीं बैठेंगे… छह बड़ी मांगों को लेकर सड़क पर उतरा अपना दल (कमेरावादी), सरकार को ये चेतावनी

लेकिन जब तहसीलदार ने स्वयं मौके का निरीक्षण किया तो भेड़िहारी तटबंध पर कोई कार्य होता नहीं मिला। इसके बाद मामला जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) तक पहुंच गया। डीडीएमए के आपदा विशेषज्ञ चंदन कुमार द्विवेदी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए पूरे प्रकरण की दोबारा स्थलीय जांच कर तथ्यात्मक एवं विस्तृत रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराने को कहा।

बाढ़ सुरक्षा तटबंधों पर रेनकट भरने का दावा

मामले में सफाई देते हुए सिंचाई विभाग खंड-दो के अधिशासी अभियंता राजीव कपिल ने दावा किया कि जिले के सभी 21 बाढ़ सुरक्षा तटबंधों पर जरूरत के अनुसार रेनकट भरने का कार्य कराया जा रहा है। हालांकि विभाग के दावे पर उस समय और भी गंभीर सवाल खड़े हो गए, जब उन्होंने अपने दावे के समर्थन में चार तस्वीरें साझा कीं, लेकिन उनमें से एक भी तस्वीर भेड़िहारी स्थित नारायणी तटबंध की नहीं थी।

यही वजह है कि अब यह चर्चा तेज हो गई है कि आखिर जिस स्थान की शिकायत हुई और जहां निरीक्षण हुआ, उसी स्थल की तस्वीरें विभाग क्यों नहीं दिखा सका? क्या विभाग वास्तविक स्थिति छिपाकर दूसरे स्थानों की तस्वीरों के सहारे जवाब दे रहा है, या फिर जिला प्रशासन को अधूरी जानकारी देकर गुमराह करने की कोशिश की गई?

ये भी पढ़ें- Deoria: 12 घंटे में चोरी का बड़ा खुलासा, बाइक और ई-रिक्शा बरामद, तीन शातिर गिरफ्तार

इस पूरे मामले पर डाइनामाइट न्यूज़ से बातचीत में तहसीलदार अमित सिंह ने बताया कि भेड़िहारी तटबंध का निरीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर कार्य हुआ है, लेकिन तटबंध में अभी भी रेनकट मौजूद हैं। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने जल्द शेष मरम्मत कार्य पूरा कराने का आश्वासन दिया है। वहीं, अधिशासी अभियंता राजीव कपिल से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल फोन रिसीव नहीं हुआ।

Location :  Maharajganj

Published :  14 July 2026, 8:14 PM IST