तीसरे दिन भी IT की ताबड़तोड़ कार्रवाई: ग्राम प्रधान प्रतिनिधि की मिलों के रिकॉर्ड खंगाले गए,अब निगाहें आयकर विभाग की रिपोर्ट पर

महराजगंज में आयकर विभाग की कार्रवाई तीसरे दिन भी जारी रही। शंकर राइस मिल और हिंदुस्तान फ्लोर इंडस्ट्रीज में दस्तावेज, बैंक रिकॉर्ड और डिजिटल डेटा की जांच की गई। नेपाल सीमा से जुड़े कारोबारी लेनदेन की चर्चाओं के बीच विभाग ने अभी तक किसी भी अनियमितता या नेपाल कनेक्शन की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 31 July 2026, 2:14 PM IST

Maharajganj:  नेपाल सीमा से सटे उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में आयकर विभाग (Income Tax Department) की हाई-प्रोफाइल कार्रवाई लगातार तीसरे दिन भी जारी रही। नौतनवा क्षेत्र के संपत्तिहा स्थित शंकर राइस मिल और पुरंदरपुर के जगदीशपुर-परसौनी स्थित हिंदुस्तान फ्लोर इंडस्ट्रीज में विभागीय अधिकारियों ने पूरे दिन वित्तीय दस्तावेजों, बैंक खातों, कंप्यूटर हार्ड डिस्क और डिजिटल रिकॉर्ड की गहन जांच की।

इस कार्रवाई ने जिले के व्यापारिक जगत के साथ-साथ राजनीतिक हलकों में भी चर्चाओं का माहौल बना दिया है।

बैंक रिकॉर्ड और डिजिटल डेटा की हो रही जांच

सूत्रों के अनुसार आयकर विभाग की टीम आय-व्यय का विवरण, बैंकिंग ट्रांजेक्शन, कारोबारी लेनदेन और डिजिटल साक्ष्यों का मिलान कर रही है। अधिकारियों द्वारा कंप्यूटर सिस्टम, हार्ड डिस्क और अन्य इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

हालांकि, विभाग की ओर से अब तक जांच के संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

नेपाल सीमा से जुड़े कारोबार पर भी चर्चा

कार्रवाई के दौरान यह चर्चा भी तेज है कि जांच में नेपाल सीमा से जुड़े कुछ कारोबारी लेनदेन के पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। हालांकि आयकर विभाग ने नेपाल कनेक्शन, कर चोरी या किसी अन्य वित्तीय अनियमितता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल जांच जारी है और अंतिम निष्कर्ष सामने आना बाकी है।

राजनीतिक गलियारों में भी बढ़ी हलचल

जांच के दायरे में आई शंकर राइस मिल के प्रोपराइटर नंद किशोर यादव उर्फ परदेशी स्थानीय राजनीति में भी सक्रिय माने जाते हैं। उनकी पहचान बैरवा-बनकटवा ग्राम पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि के रूप में भी है।

यही वजह है कि आयकर विभाग की कार्रवाई अब सिर्फ कारोबारी जगत तक सीमित नहीं रही, बल्कि राजनीतिक गलियारों में भी इसकी चर्चा तेज हो गई है। हालांकि किसी भी राजनीतिक दल या प्रशासनिक अधिकारी ने इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।

देवरिया डीएम के दरबार पहुंची महिला ने लगाई गुहार, बोली- जबरन कमरा बंद कर…

हिंदुस्तान फ्लोर इंडस्ट्रीज में भी रिकॉर्ड खंगालती रही टीम

दूसरी ओर, हिंदुस्तान फ्लोर इंडस्ट्रीज में भी विभागीय टीम लगातार तीसरे दिन तक रिकॉर्ड खंगालती रही। यहां आय-व्यय, बैंकिंग लेनदेन और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की गहन जांच की गई।

सूत्रों का दावा है कि जांच के दौरान कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य मिले हैं, जिनका तकनीकी परीक्षण किया जा रहा है। हालांकि आयकर विभाग ने अभी तक किसी भी व्यक्ति या प्रतिष्ठान के खिलाफ कोई आधिकारिक निष्कर्ष या आरोप सार्वजनिक नहीं किया है।

UPSC Inspiration Story: भारत के दो ऐसे गांव, जहां की गलियों से निकलते हैं सबसे ज्यादा IAS-IPS अधिकारी

अब विभाग की रिपोर्ट का इंतजार

लगातार तीन दिन तक चली इस कार्रवाई से जिले के बड़े व्यापारियों में हलचल है। सीमा क्षेत्र से जुड़े कारोबारी भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। अब सभी की निगाहें आयकर विभाग की आधिकारिक रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे जांच की वास्तविक स्थिति और आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी।

Location :  Maharajganj

Published :  31 July 2026, 2:06 PM IST