Maharajganj IT Raid: आयकर विभाग की बड़ी स्ट्राइक, दो बड़ी राइस मिलों पर एक साथ छापेमारी से हड़कंप

महाराजगंज के व्यापारिक गलियारों में गुरुवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब आयकर विभाग की एक विशेष टीम ने जिले के दो बड़े औद्योगिक ठिकानों पर अचानक दस्तक दी। बंद दरवाजों के पीछे चले इस हाई-प्रोफाइल सर्च ऑपरेशन से कारोबारियों की धड़कनें बढ़ गईं। आखिर क्यों हुई यह बड़ी कार्रवाई और जांच में क्या-क्या मिला? जानिए पूरी खबर...

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 30 July 2026, 8:10 PM IST

Maharajganj: जनपद में गुरुवार को आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नौतनवा और पुरंदपुर थाना क्षेत्र स्थित दो प्रमुख औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर एक साथ छापेमारी की। संपत्तिहा स्थित एम. शंकर राइस मिल तथा जगदीशपुर-परसौनी स्थित हिंदुस्तान फ्लोर इंडस्ट्रीज में सुबह करीब 10 बजे पहुंची आयकर विभाग की टीम ने व्यापक जांच शुरू की, जिससे पूरे व्यापारिक जगत में हड़कंप मच गया।

वित्तीय दस्तावेजों की गहन जांच शुरू

सूत्रों के अनुसार कार्रवाई में शामिल अधिकारी स्थानीय नहीं, बल्कि बाहरी टीम के सदस्य हैं। टीम के पहुंचते ही दोनों प्रतिष्ठानों के कार्यालयों, रिकॉर्ड कक्षों और कंप्यूटर सिस्टम को अपने नियंत्रण में लेकर वित्तीय दस्तावेजों की गहन पड़ताल शुरू कर दी गई। खरीद-बिक्री के अभिलेख, बैंक खातों का विवरण, स्टॉक रजिस्टर, आय-व्यय का रिकॉर्ड तथा डिजिटल डेटा का मिलान किया गया।

ये भी पढ़ें - Maharajganj: जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल का WhatsApp हैक, 500 लोगों से 25-25 हजार रुपये मांगने की कोशिश

अधिकारियों ने कर्मचारियों से की पूछताछ

जानकारी के मुताबिक अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों के कर्मचारियों से भी पूछताछ कर आवश्यक सूचनाएं जुटाईं और कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों का सत्यापन किया। कार्रवाई के दौरान परिसर में बाहरी लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई और पूरी प्रक्रिया गोपनीय ढंग से संचालित की गई।

आयकर विभाग की कार्रवाई

एक साथ दो प्रतिष्ठित राइस मिलों पर आयकर विभाग की कार्रवाई की खबर फैलते ही जिले के व्यापारिक समुदाय में हलचल तेज हो गई। दिनभर बाजारों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और राइस मिल संचालकों के बीच इसी कार्रवाई की चर्चा होती रही। कई कारोबारियों ने इसे हाल के समय की सबसे बड़ी आयकर कार्रवाई बताया।

ये भी पढ़ें - Maharajganj: स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर DM सख्त, डॉक्टरों-बीसीपीएम को नोटिस; मानदेय रोकने के दिए आदेश

जांच के बाद होगी कार्रवाई

हालांकि आयकर विभाग की ओर से अब तक छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है कि जांच किस आधार पर की जा रही है और अब तक क्या तथ्य सामने आए हैं। सूत्रों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद विभाग आवश्यक कार्रवाई करेगा और आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।

कार्रवाई से जुड़े खुलासों पर टिकी नजर

फिलहाल दोनों प्रतिष्ठानों पर आयकर विभाग की जांच देर शाम तक जारी रही। पूरे जिले की निगाहें अब विभाग की आधिकारिक रिपोर्ट और इस कार्रवाई से जुड़े संभावित खुलासों पर टिकी हुई हैं।

Location :  Maharajganj

Published :  30 July 2026, 7:01 PM IST