रात में सांप ने डसा, मदद के लिए भटकता रहा परिवार; अस्पताल पर लटका मिला ताला, चिकित्सा व्यवस्था पर उठे सवाल

महराजगंज के धानी क्षेत्र में सांप के काटने से एक पशुपालक की भैंस की मौत हो गई। परिवार इलाज के लिए पहले पशु चिकित्साधिकारी से संपर्क करता रहा, लेकिन मोबाइल बंद मिला। इसके बाद अस्पताल पहुंचे तो वहां ताला लटका मिला।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 4 October 2026, 3:36 PM IST

Maharajganj: धानी ब्लॉक क्षेत्र में पशु चिकित्सा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। धानीगांव निवासी शंकर चौधरी पुत्र लौटन चौधरी की भैंस को शनिवार की रात सांप ने काट लिया। हालत बिगड़ने पर परिवार ने तत्काल उपचार के लिए पशु चिकित्साधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल नंबर स्विच ऑफ बताया गया।

इसके बाद परिजन पशु अस्पताल पहुंचे तो वहां ताला बंद मिला। समय पर इलाज नहीं मिलने के बाद भैंस की मौत हो गई।

क्या है पूरा मामला?

शंकर चौधरी के मुताबिक, रात में उनकी भैंस को सांप ने काट लिया था। घटना के बाद परिवार के लोग घबरा गए और भैंस को बचाने के लिए तत्काल पशु चिकित्सकीय सहायता की तलाश शुरू की। उन्होंने धानी के पशु चिकित्साधिकारी से मोबाइल फोन के जरिए संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल बंद होने के कारण संपर्क नहीं हो सका।

ये भी पढ़ें- गोरखपुर में थप्पड़कांड के बाद अखिलेश का बड़ा फैसला, सपा की पूरी जिला-महानगर टीम भंग

इसके बाद परिवार अस्पताल पहुंचा, लेकिन वहां भी उन्हें निराशा हाथ लगी। अस्पताल पर ताला बंद मिला। पीड़ित परिवार के मुताबिक, समय रहते पशु चिकित्सकीय उपचार उपलब्ध हो जाता तो भैंस को बचाने की उम्मीद थी, लेकिन उपचार की व्यवस्था नहीं हो पाने के बाद उसकी मौत हो गई।

परिवार की आय का महत्वपूर्ण जरिया थी भैंस

पीड़ित ने बताया कि भैंस की कीमत लाखों रुपये थी और पशुपालन उनके परिवार की आय का महत्वपूर्ण जरिया है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इतनी बड़ी पशुधन हानि से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हो गया है।

ये भी पढ़ें- पेट दर्द का इलाज कराने अस्पताल पहुंची महिला, ऑपरेशन के बाद बिगड़ी हालत; वाराणसी में इलाज के दौरान मौत

घटना के बाद स्थानीय स्तर पर पशु चिकित्सा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आपात स्थिति में पशुपालकों को तत्काल उपचार मिलना बेहद जरूरी है। खासकर सांप के काटने जैसी घटनाओं में समय पर चिकित्सकीय सहायता नहीं मिलने से पशु की जान जा सकती है।

पीड़ित शंकर चौधरी ने संबंधित अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेने, पशु चिकित्सा व्यवस्था की जांच कराने और परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। 

Location :  Maharajganj

Published :  4 October 2026, 3:36 PM IST