अंदर से बंद दरवाजा और जमीन पर बेहोश छात्रा, लखनऊ के फ्लैट नंबर 205 की रहस्यमयी मौत में क्या छिपा है बड़ा राज?

लखनऊ के चिनहट क्षेत्र में 22 वर्षीय B.Arch छात्रा शिवानी मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। फ्लैट के कमरे में पंखे से लटकता दुपट्टा और डायरी में पुराना सुसाइड नोट मिला है। पिता ने बेटी की हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, सुसाइड नोट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच कर रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 19 November 2026, 2:12 PM IST

Lucknow: लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र स्थित अशरफ विहार कॉलोनी में B.Arch की 22 वर्षीय छात्रा शिवानी मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह शक्ति अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 205 में अपनी दो सहेलियों के साथ किराए पर रहती थी। 18 नवंबर की शाम उसकी रूममेट जब फ्लैट लौटी तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। अंदर जाने पर शिवानी जमीन पर बेहोश पड़ी थी। उसे तत्काल राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कमरे में छत के पंखे से लटकता दुपट्टा और डायरी में एक पुराना सुसाइड नोट मिला है। हालांकि, शिवानी के पिता ने आत्महत्या की आशंका पर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की है और चिनहट थाने में लिखित तहरीर दी है।

फ्लैट में बेहोश मिली छात्रा

मूल रूप से प्रयागराज जिले के लेदहा गांव की रहने वाली शिवानी मिश्रा लखनऊ में अपनी दो सहेलियों के साथ रहती थी। तीनों छात्राएं BBD में पढ़ाई और नौकरी करती थीं। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 18 नवंबर की देर शाम शिवानी की रूममेट रिया मिश्रा अपनी नौकरी से वापस फ्लैट नंबर 205 पर पहुंची। काफी आवाज देने के बावजूद जब दरवाजा अंदर से नहीं खुला तो उसने अपार्टमेंट के सुरक्षा गार्ड की मदद ली और सीढ़ियों की तरफ से अंदर जाने का रास्ता बनाया।

कमरे में पहुंचने पर रिया ने शिवानी को जमीन पर बेहोश पड़ा देखा। यह देखकर वह घबरा गई और उसने तुरंत अपने परिचित अभिषेक चौधरी को मौके पर बुलाया। इसके बाद शिवानी को आनन-फानन में राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर चिनहट पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया।

ये भी पढ़े: UP News Live Updates: लखनऊ से लेकर हर जिलों की हर छोटी-बड़ी हलचल पढ़ें एक ही क्लिक में

कमरे में मिला पंखे से लटकता दुपट्टा और पुराना सुसाइड नोट

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने कमरे का निरीक्षण किया। इस दौरान छत के पंखे से एक दुपट्टा लटकता हुआ मिला, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। इसके अलावा कमरे में रखी शिवानी की डायरी की तलाशी के दौरान एक पुराना सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।

पुलिस अधिकारी इस नोट की लिखावट और उसमें लिखी बातों का बारीकी से अवलोकन कर रहे हैं। मामले की जांच के तहत अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई है। सुरक्षा गार्ड से भी पूछताछ की गई। हालांकि, शुरुआती जांच में पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में कोई संदिग्ध गतिविधि नजर नहीं आई है। फिलहाल कमरे से मिले दुपट्टे और सुसाइड नोट समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़े: लखनऊ में STF का बड़ा एक्शन! 50 हजार का इनामी गैंगस्टर बाबा उर्फ प्रताप गोसाईं गिरफ्तार, 41 मुकदमों का है रिकॉर्ड

पिता ने जताई हत्या की आशंका

बेटी की मौत की सूचना मिलने के बाद शिवानी के पिता लखनऊ पहुंचे। उन्होंने आत्महत्या की बात पर संदेह जताते हुए बेटी की हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की है। पिता ने चिनहट थाने में लिखित तहरीर देकर मामले में मुकदमा दर्ज करने, निष्पक्ष जांच कराने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इस मामले में इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि मृतका के परिजनों की ओर से उठाए गए सभी बिंदुओं को जांच में शामिल किया गया है और गहनता से तफ्तीश की जा रही है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शिवानी की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हुई है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Location :  Lucknow

Published :  19 November 2026, 2:12 PM IST