
महिला बैंककर्मी की गोली मारकर हत्या (Img: X)
Lucknow: आरोपी मानस दोपहर करीब 12 बजे ऑटो से गोमतीनगर स्थित बैंक पहुंचा। वह बैंक के बाहर अपनी पत्नी दिव्या का इंतजार करता रहा। जैसे ही दिव्या अपने सहयोगी के साथ कार से बैंक पहुंचीं और अंदर जाने लगीं, आरोपी ने उन्हें पकड़ लिया। उसने बाल खींचकर उनका सिर कार के बोनट पर पटक दिया। दिव्या ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सकीं।
घटना के दौरान दिव्या के सहयोगी उन्हें बचाने के लिए आगे बढ़े, लेकिन आरोपी ने उन पर पिस्तौल तान दी और गोली मारने की धमकी दी। इससे दोनों सहयोगी पीछे हट गए। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने किसी को भी हस्तक्षेप नहीं करने दिया और लगातार महिला पर हमला करता रहा।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अपने बैग में दो पिस्तौल लेकर आया था। पहले हथियार से उसने गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन फायर नहीं हुआ। इसके बाद उसने पहला हथियार बैग में रखा और दूसरी पिस्तौल निकालकर दिव्या के सिर से सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही महिला मौके पर गिर गई। वारदात के बाद आरोपी ऑटो में बैठकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस आयुक्त के अनुसार पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दिव्या ने जनवरी में पारिवारिक न्यायालय में तलाक की अर्जी दाखिल की थी। इसके साथ ही उन्होंने स्त्रीधन और हर्जाने की भी मांग की थी। वहीं, आरोपी पति तलाक नहीं चाहता था और पत्नी के साथ रहने की कोशिश कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था।
पुलिस ने आरोपी के घर से सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर कब्जे में लिया है। अधिकारियों का कहना है कि घटना और उससे जुड़े कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: Murder in Lucknow: लखनऊ में दिनदहाड़े दिव्या मिश्रा की बैंक के बाहर गोली मारकर हत्या, पति ने फोन कर बुलाया और…
दिव्या की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों ने बताया कि वह परिवार की मुख्य जिम्मेदारियां निभा रही थीं। उनकी बहन ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा करते हुए घटना पर गहरा दुख जताया। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
Location : Lucknow
Published : 21 August 2026, 10:11 AM IST