‘तुम मेरी जान लो, मैं तुम्हारी जान लूंगा’… फिर स्कूल में चली गोली; टीचर से शादी करना चाहता था, नहीं मानी तो कर दी हत्या!

लखीमपुर के एक स्कूल में हुई फायरिंग ने बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों को दहला दिया। वारदात से पहले का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें आरोपी टीचर को हथियार के बल पर पहली मंजिल की ओर ले जाता दिखाई देता है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 22 September 2026, 10:30 AM IST

Lakhimpur: लखीमपुर में एक टीचर और एक युवक की मौत के बाद हड़कंप मच गया। स्कूल में बच्चे परीक्षा देकर निकल रहे थे, टीचर उन्हें गेट तक पहुंचा रही थीं। तभी एक युवक बैग लेकर स्कूल पहुंचा और एक महिला टीचर से बातचीत करने लगा। कुछ ही देर में बातचीत बहस में बदल गई और मामला स्कूल की पहली मंजिल तक पहुंच गया। इसके बाद जो हुआ, उससे स्कूल में चीख-पुकार मच गई। अब इस पूरी घटना से पहले का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें आरोपी टीचर को तमंचे के बल पर ले जाता दिखाई दे रहा है।

CCTV में दिखा वारदात से पहले का मंजर

बताया जा रहा है कि घटना लखीमपुर के कलेक्ट्रेट के सामने स्थित चिल्ड्रेंस एकेडमी स्कूल की है। CCTV फुटेज में आरोपी सऊद अंसारी टीचर निशात फातिमा को गन पॉइंट पर लेकर आगे बढ़ता नजर आ रहा है। वह उनका हाथ पकड़कर उन्हें खींचते हुए स्कूल की पहली मंजिल की ओर ले जाता है। इस दौरान स्कूल में मौजूद बच्चे और स्टाफ सहमे दिखाई देते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी के हाथ में हथियार होने के कारण कोई उसे रोकने की हिम्मत नहीं कर सका।

टीचर को थमाया तमंचा, फिर कही ये बात

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे सऊद बैग लेकर स्कूल पहुंचा था। बताया गया कि उसके बैग में दो तमंचे और कारतूस थे। स्कूल में बच्चों के पेपर चल रहे थे। पेपर खत्म होने के बाद निशात फातिमा बच्चों को बाहर निकाल रही थीं। इसी दौरान सऊद उनसे बातचीत करने लगा। कुछ देर बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। बातचीत करते हुए दोनों पहली मंजिल तक पहुंच गए। आरोप है कि यहां सऊद ने एक तमंचा निशात को पकड़ा दिया और कहा, “तुम मेरी जान लो, मैं तुम्हारी जान लूंगा।”

ये भी पढ़ें- तलाक मांगने पर मिली मौत! देहरादून में पत्नी की हत्या कर पैदल भागा शातिर पति, जानिए इस हत्याकांड का हैरान करने वाला सच

बताया जा रहा है कि निशात ने गोली नहीं चलाई। इसके बाद सऊद ने तमंचा वापस लिया और फायरिंग कर दी।

बीच-बचाव की कोशिश हुई तो टीचर को धमकाया

फायरिंग से पहले शोर सुनकर दूसरी कक्षा की एक टीचर वहां पहुंचीं। आरोप है कि सऊद ने हथियार दिखाकर उन्हें भी धमकाया और किसी के बीच में आने पर गंभीर परिणाम की चेतावनी दी। इसके बाद वह टीचर बच्चों के साथ खुद को क्लासरूम में बंद करने चली गईं। इसी बीच निशात ने वहां से निकलने की कोशिश की। आरोप है कि सऊद ने उन पर गोली चला दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। दोनों की मौके पर मौत हो गई।

बच्चों में मची अफरा-तफरी

गोली चलने की आवाज सुनते ही स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। बच्चों को आनन-फानन में स्कूल से बाहर निकाला गया। पेपर खत्म होने का समय होने के कारण कई अभिभावक पहले से स्कूल गेट के बाहर मौजूद थे। बच्चे बाहर आते ही अपने परिवार वालों से लिपटकर रोने लगे। डर का आलम ऐसा था कि कई बच्चे अपना टिफिन और पानी की बोतल तक स्कूल में ही छोड़ गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरी बिल्डिंग खाली कराई और स्कूल में सुरक्षा बल तैनात कर दिया।

सोशल मीडिया पोस्ट से भी मिले कई संकेत

पुलिस के मुताबिक, घटना से पहले सऊद ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की थी। इसमें उसने अचानक मौत होने की स्थिति में लोगों से अपनी तस्वीरें और सोशल मीडिया पोस्ट हटाने की अपील की थी। उसने लोगों से माफी मांगते हुए धार्मिक संदेश भी लिखा था।

ये भी पढ़ें- आगरा में बड़ा खुलासा: सोनीपत की गर्भवती महिला को डिकॉय बनाकर पकड़ा गया भ्रूण लिंग परीक्षण का अवैध खेल, 6 गिरफ्तार

बताया गया है कि उसके सोशल मीडिया प्रोफाइल के बायो में भी पहले से मौत से जुड़ा एक संदेश लिखा हुआ था। हालांकि, इन पोस्ट का घटना से सीधा संबंध क्या था, इसकी जांच पुलिस कर रही है।

परिवार ने लगाए शादी के लिए दबाव के आरोप

निशात फातिमा के भाई शादाब अख्तर ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि सऊद उनकी बहन पर शादी के लिए दबाव बनाता था और उसे परेशान करता था। परिवार का दावा है कि सऊद को कई बार समझाया गया और उसके परिवार से भी शिकायत की गई थी। शादाब ने सऊद, उसके पिता कय्यूम अंसारी और उसकी मां के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है।

मौके से हथियार और कारतूस बरामद

पुलिस ने घटनास्थल से दो तमंचे, चार खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अब CCTV फुटेज, सोशल मीडिया पोस्ट और परिवार की शिकायत समेत दूसरे पहलुओं की जांच कर रही है।

Location :  Lakhimpur Kheri

Published :  22 September 2026, 10:30 AM IST