शादी के सिर्फ 78 दिन बाद बुझ गई मुस्कान की जिंदगी… मायके वालों को देखते ही क्यों भाग गए ससुराल वाले?

कुशीनगर के खुरहुरिया गांव में शादी के ढाई महीने बाद नवविवाहिता मुस्कान की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में शव रखकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने पति समेत आठ लोगों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 27 July 2026, 3:17 PM IST

Kushinagar: कुशीनगर के अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के खुरहुरिया गांव में रविवार सुबह एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजन उसे इलाज के लिए सीएचसी पिपराइच लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही मायके वाले अस्पताल पहुंचे तो ससुराल पक्ष के लोग वहां से चले गए।

शव लेकर थाने पहुंचे परिजन, किया विरोध प्रदर्शन

मृतका के मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए शव को लेकर पिपराइच थाने पहुंचकर करीब आधे घंटे तक हंगामा और विरोध प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही मुस्कान को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था और इसी के चलते उसकी हत्या की गई।

10 मई को हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार, गोरखपुर जिले के पिपराइच वार्ड नंबर-1 निवासी धर्मदेव प्रसाद ने अपनी बेटी मुस्कान की शादी 10 मई 2026 को खुरहुरिया निवासी जितेंद्र कुमार से की थी। शादी को अभी ढाई महीने भी पूरे नहीं हुए थे कि रविवार सुबह उसकी संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घटना की सूचना मृतका के ननदोई ने मायके पक्ष को दी।

पांच नामजद समेत आठ लोगों पर केस दर्ज

मृतका की मां मीरा देवी की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित पांच नामजद और तीन अन्य के खिलाफ दहेज हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

लिस्ट में नाम नहीं था, उम्मीदें टूट गईं: यवतमाल में कर्जमाफी की आस टूटने पर किसान ने उठाया खौफनाक कदम

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी विनय कुमार मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Location :  Kushinagar

Published :  27 July 2026, 3:17 PM IST