हिंदी
अज्ञात वाहन ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को मारी टक्कर (Img: pexels)
Ramkola: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रामकोला थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौत हो गई, जबकि उनके पति घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार वाहन की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रामकोला थाना क्षेत्र के चंदरपुर पासी टोला निवासी इंदु देवी (50) आंगनबाड़ी कार्यकर्ता थीं। रविवार 28 जून की शाम करीब सात बजे वह अपने पति श्याम सुंदर के साथ साइकिल से पड़ोसी गांव गोबरही जा रही थीं। जब दोनों रामकोला-कप्तानगंज मार्ग पर गोबरही चौराहे से करीब 200 मीटर पहले पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल दंपती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) रामकोला पहुंचाया।
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद इंदु देवी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज कुशीनगर रेफर किया गया। वहां भी हालत में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। परिजन बेहतर इलाज के लिए उन्हें निजी अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन सोमवार रात करीब 11 बजे रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को घर लेकर लौट आए।
घटना में घायल श्याम सुंदर का उपचार जारी है। मंगलवार को सूचना मिलने पर रामकोला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी थानाध्यक्ष श्यामलाल ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। परिजनों से तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Kushinagar
Published : 1 July 2026, 6:54 PM IST
Topics : hit and run Kushinagar news UP Police uttar pradesh