
कौशांबी के अस्पताल में युवक की मौत (Img: Pinterest)
Kaushambi: उत्तर प्रदेश के कौशांबी में इलाज के दौरान युवक की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों का आरोप है कि मोटी कमाई करने के लिए युवक की मौत के आधे घंटे बाद तक डॉक्टर इलाज कर रहे थे। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने नाराज परिजनों को समझा बुझाकर मामले को शांत कराया।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के काजीपुरा निवासी 19 वर्षीय शिवबाबू की रात में तबीयत खराब हुई तो उसे इलाज के लिए पास के ही क्लीनिक में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि लगभग 1 घंटे तक इलाज चला, जिसके बाद शिवबाबू की हालत में कुछ सुधार हुआ। लेकिन थोड़ी ही देर बाद तबीयत दोबारा बिगड़ने लगी तो परिजन उसे सिराथू कस्बे के हॉस्पिटल लेकर गए। जहां पर चिकित्सकों ने भरोसा दिलाया और फिर उसे भर्ती करने के बाद इलाज शुरू कर दिया लेकिन दोपहर को उसकी मौत हो गई।
ये भी पढ़ें - Kaushambi News: DM ने सुनीं जनसमस्याएं, जानें मंडलायुक्त और आईजी ने अधिकारियों को दिए क्या निर्देश
मृतक शिव बाबू के चाचा मनीष कुमार ने बताया कि चिकित्सक भतीजे शिव बाबू के पास किसी को जाने नहीं दे रहे थे। सभी को बाहर कर दे रहे थे और आश्वासन दे रहे थे की तबीयत में सुधार हो रहा है लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी आरोप है कि डॉक्टरों ने पैसा कमाने के चक्कर में मौत के आधे घंटे बाद तक इलाज करते रहे। जब उन्हें जानकारी हुई तो हंगामा करना शुरू कर दिया। इसके अलावा परिजन वीडियो भी बनाने लगे।
ये भी पढ़ें - Kaushambi: फेसबुक पर मुस्कुराते दिखे 5 दोस्त… सिर्फ 30 मिनट बाद सड़क पर बिछ गए शव, आखिर ऐसा क्या हुआ?
आरोप है कि वहां पर मौजूद अस्पताल के स्टाफ ने उन लोगों के साथ मारपीट की और मोबाइल भी तोड़ दिया। मौत की खबर परिजनों को हुई तो अन्य लोग भी अस्पताल पहुंच गए। इसके बाद अस्पताल में परिजनों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। हंगामा होते देख चिकित्सक एवं अन्य स्टाफ धीरे-धीरे हटने लगे। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची सैनी कोतवाली पुलिस ने परिजनों को किसी तरीके से समझाया बुझाया और मामले को शांत कराया। परिजनों ने चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। लाश का पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। उसकी मौत से परिजनों कोहराम मचा हुआ।
Location : Kaushambi
Published : 15 August 2026, 6:43 PM IST
Topics : crime news Kaushambi News UP News UP Police