
कानपुर के युवक पर थाई महिला से शादी कर 60 लाख रुपये लेने का आरोप (Img: Dynamite News)
Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में थाईलैंड से आई एक महिला ने इरफान नाम के युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का दावा है कि सोशल मीडिया के जरिए दोनों की पहचान हुई थी और बाद में थाईलैंड में शादी हुई। आरोप है कि शादी के बाद युवक ने उससे करीब 60 लाख रुपये लिए और पैसे वापस मांगने पर भारत आकर रहने तथा धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, थाईलैंड की महिला की करीब चार से पांच साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए कानपुर के रहने वाले इरफान से पहचान हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ने के बाद नजदीकियां बढ़ीं और महिला के मुताबिक, बाद में थाईलैंड में दोनों ने शादी कर ली।
महिला ने पुलिस से की शिकायत में आरोप लगाया है कि शादी के बाद इरफान ने अपनी जरूरतों के नाम पर उससे करीब 60 लाख रुपये लिए। महिला का कहना है कि जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो युवक ने उसे भारत आकर साथ रहने के लिए कहा।
महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि भारत में रहने के लिए उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया। शिकायत में महिला ने युवक पर गलत तथ्यों की जानकारी देकर शादी करने का भी आरोप लगाया है। इन सभी आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
महिला की ओर से यह दावा भी किया गया है कि इरफान पहले से शादीशुदा था। इसके बावजूद उसने थाईलैंड जाकर उसके साथ शादी की। हालांकि, युवक की ओर से इन आरोपों पर कोई पक्ष सामने आया है या नहीं, इसकी जानकारी फिलहाल उपलब्ध नहीं है।
अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी शिवा सिंह के मुताबिक, थाईलैंड की एक नागरिक ने शिकायत की है। उन्होंने बताया कि महिला की करीब चार-पांच वर्ष पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से इरफान नाम के युवक से पहचान हुई थी। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि गलत तथ्यों की जानकारी देकर उससे विवाह किया गया और बाद में करीब 60 लाख रुपये लिए गए।
एडीसीपी के मुताबिक, महिला ने रकम वापस मांगने पर भारत में रहने और धर्म परिवर्तन की बात कहे जाने का भी आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी है। मामले में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Kanpur
Published : 6 October 2026, 10:36 PM IST