Kanpur Accident: मोतीझील में घूमने निकले दंपती को कार ने मारी जोरदार टक्कर, हादसे के बाद चालक फरार

कानपुर के मोतीझील में स्कूटी से घूमने पहुंचे दंपती को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए वाहन की तलाश कर रही है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 8 August 2026, 1:51 PM IST

Kanpur: शहर के स्वरूपनगर थाना क्षेत्र स्थित मोतीझील में शुक्रवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार दंपती को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने घायल दंपती को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया।

स्कूटी से घूमने पहुंचे थे दंपती

अंसार मोहल्ला निवासी रेडीमेड कारोबारी मो. हसीब की 25 वर्षीय बेटी शिफा और उनके 27 वर्षीय पति मो. समद शुक्रवार देर रात स्कूटी से मोतीझील घूमने पहुंचे थे। दोनों कारगिल पार्क के गेट के पास पहुंचे ही थे कि इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दंपती स्कूटी से सड़क पर जा गिरे और कुछ दूरी तक घिसटते चले गए। हादसे में दोनों के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं।

International Cat Day: कहीं बिल्ली का रास्ता काटना अशुभ, तो कहीं इसी के नाम पर बसा गांव, कहानी हैरान करेगी

टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी

हादसे के समय मोतीझील में बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार और बच्चों के साथ मौजूद थे। अचानक हुए हादसे से वहां अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद राहगीर तुरंत घायल दंपती की मदद के लिए दौड़े।

लोगों ने दोनों को स्वरूपनगर स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद परिजनों को घटना की सूचना दी गई। अस्पताल में दोनों का इलाज चल रहा है।

तेज रफ्तार कार लेकर भागा चालक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चालक वाहन को लहराते हुए तेज रफ्तार में चला रहा था। हादसे के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने चालक के नशे में होने की आशंका भी जताई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

कार में एक युवती के भी मौजूद होने की चर्चा सामने आई है, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।

पंजाबी रीति-रिवाज से एक हुए रमनदीप सिंह और चार्ली चौहान, सोशल मीडिया पर वायरल हुईं वेडिंग फोटोज

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की जानकारी मिलने के बाद शिफा के पिता मो. हसीब ने पुलिस को तहरीर दी। स्वरूपनगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्वरूपनगर इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह के मुताबिक, तहरीर मिल गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि कार और उसके चालक की पहचान की जा सके।

बाल-बाल टला बड़ा हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि घटना के समय मोतीझील में काफी भीड़ थी। परिवार और बच्चे वहां घूम रहे थे। ऐसे में यदि कार की दिशा या रफ्तार थोड़ी और अनियंत्रित होती तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था।

फिलहाल पुलिस फरार कार चालक की तलाश में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

Location :  Kanpur

Published :  8 August 2026, 1:46 PM IST