“बस इतना था कसूर कि सड़क पर पेशाब करने से रोका था!” कानपुर में क्रूरता की हदें पार, कारोबारी की दर्दनाक मौत

सड़क पर पेशाब करने से रोकना एक कारोबारी को पड़ा भारी, कहासुनी के बाद घेरकर हमला, सिर पर ईंट-पत्थर से वार और फिर अस्पताल में मौत। पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हुई, लेकिन आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 8 September 2026, 2:18 PM IST
google-preferred

Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के काकादेव के ओम चौराहे पर शनिवार रात मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सड़क पर पेशाब करने से मना करने पर कुछ युवकों ने कारोबारी अमित कुमार (47) के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें घेरकर ईंट और पत्थरों से सिर पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल कारोबारी ने दो दिन तक अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

दुकान बंद कर घर लौट रहे थे अमित

नवीन नगर निवासी अमित कुमार काकादेव में ‘प्रेम ऐड’ नाम से दुकान चलाते थे। परिजनों के मुताबिक शनिवार रात करीब 11 बजे वह दुकान बंद करके घर जा रहे थे। इसी दौरान ओम चौराहे के पास कुछ युवक शराब पीकर मौजूद थे। बताया जा रहा है कि इनमें से एक युवक सड़क पर पेशाब करने लगा, जिस पर अमित ने उसे रोक दिया।

कहासुनी के बाद घेरकर पीटने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि टोकने के बाद युवकों ने अमित से गालीगलौज शुरू कर दी। बात बढ़ने पर कई युवकों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट करने लगे। आसपास के लोगों ने बीच में आकर मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें भी धमकाया और पथराव किया।

मॉस्को पुलिस ने कानपुर के इंजीनियर को हिरासत में लिया, पत्नी का दावा- रूसी सेना में भेजने का दबाव; मोदी-योगी से लगाई गुहार

कैमरे में रिकॉर्ड हुई पूरी घटना

घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग में मारपीट की तस्वीरें सामने आई हैं। फुटेज में कई युवक अमित को घेरकर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोग उन्हें बचाने के लिए आगे आते हैं, लेकिन हमलावर पीछे हटते नजर नहीं आते। इसी दौरान वहां पथराव भी होता दिखाई देता है, जिसके बाद आसपास मौजूद लोग बचने के लिए इधर-उधर भागते नजर आते हैं।

सिर पर ईंट से वार

आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने ईंट-पत्थरों से अमित के सिर पर हमला किया। गंभीर चोट लगने के बाद वह सड़क पर गिर पड़े और बुरी तरह घायल हो गए। इसके बाद आरोपी मौके से कार में सवार होकर फरार हो गए। परिजनों का कहना है कि जाते वक्त हमलावरों ने वहां मौजूद लोगों को भी धमकाया।

अस्पताल में दो दिन तक चला उपचार

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अमित को अस्पताल भिजवाया। परिजन उन्हें पहले निजी अस्पताल लेकर गए, जहां हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने अनुराग अस्पताल रेफर कर दिया। यहां दो दिन तक उनका इलाज चला, लेकिन सोमवार देर शाम उनकी हालत बिगड़ गई और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

सिक्किम के छात्रों को बड़ा तोहफा: IIT कानपुर के साथ मिलकर मिलेगी JEE-NEET की फ्री कोचिंग

मौत की खबर से परिवार में मचा कोहराम

अमित की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। मंगलवार को परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। परिजनों का कहना है कि बेहद मामूली बात पर उनके परिवार के सदस्य की बेरहमी से पिटाई की गई, जिसके कारण उनकी जान चली गई।

आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर नाराजगी

परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि घटना का वीडियो सामने आने के बावजूद अब तक आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए एनकाउंटर की मांग भी उठाई।

जल्द गिरफ्त में होंगे आरोपी

काकादेव थाना प्रभारी धर्मेंद्र राम के मुताबिक, परिजनों की तहरीर के आधार पर पहले ही मुकदमा दर्ज किया गया था। इलाज के दौरान अमित की मौत के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

Location :  Kanpur

Published :  8 September 2026, 2:18 PM IST

Advertisement