
नशे में धुत ट्रैक्टर ने छीनी 6 साल की रितिका की जिंदगी (Img: Google)
Kanpur: कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र के नारामऊ गांव में बुधवार देर शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रही 6 वर्षीय मासूम रितिका की जिंदगी एक पल में खत्म हो गई, जब एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे रौंद दिया। यह हादसा इतना भयानक था कि बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर चालक नशे की हालत में था और वाहन पर नियंत्रण खो बैठा था। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर मंधना से कल्याणपुर की ओर जा रहा था और इसी दौरान नारामऊ गांव में यह दर्दनाक हादसा हो गया। टक्कर के बाद चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन गांव वालों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया।
हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी और गुस्से का माहौल बन गया। गुस्साए ग्रामीणों और राहगीरों ने आरोपी चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
मैनपुरी में झगड़े के बीच चली गोली, सीने को छूते हुए निकल गई बुलेट! युवक की हालत गंभीर
मृतका रितिका, पिंटू की सबसे छोटी बेटी थी और कक्षा एक की छात्रा थी। परिवार में मां पूनम, बड़ा भाई रितिक और बहन रोनी हैं। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।
बिठूर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि चालक नशे में कितना लापरवाह था और हादसे की पूरी परिस्थितियां क्या थीं।
चंदौली में भीषण हादसा, ट्रक के पहिए से कुचली महिला की दर्दनाक मौत, इलाके में हड़कंप
इस दर्दनाक हादसे के बाद नारामऊ गांव में मातम पसरा हुआ है। वहीं लोगों में प्रशासन और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय पर नियंत्रण और निगरानी होती तो एक मासूम की जान बचाई जा सकती थी।
Location : Kanpur
Published : 11 June 2026, 3:55 PM IST