
सपा नेता के स्कूल में लाखों की चोरी (Img: Dynamite News)
Kannauj: तिर्वा कोतवाली क्षेत्र में एक कुर्क किए गए स्कूल में हुई चोरी की वारदात ने पुलिस और प्रशासन को सकते में डाल दिया। शुक्रवार देर रात बदमाशों ने बचपन प्ले स्कूल को निशाना बनाया और कार्यालय में रखी करीब 1 लाख 70 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले विद्यालय में तैनात गार्ड को गार्ड रूम में बंद कर दिया, जिससे वह मदद के लिए बाहर नहीं निकल सका।
जानकारी के मुताबिक, तिर्वा कोतवाली क्षेत्र स्थित बचपन प्ले स्कूल में देर रात कुछ बदमाश पहुंचे। उन्होंने स्कूल परिसर में घुसकर वहां मौजूद गार्ड को काबू में किया और उसे गार्ड रूम के अंदर बंद कर दिया। इसके बाद चोरों ने विद्यालय के कार्यालय को निशाना बनाया। कार्यालय में रखी करीब 1 लाख 70 हजार रुपये की नकदी लेकर बदमाश मौके से फरार हो गए। सुबह जब घटना की जानकारी हुई तो स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि यह विद्यालय समाजवादी पार्टी के नेता नीलू यादव का है। नीलू यादव इस समय गैंगस्टर एक्ट के मामले में जेल में बंद हैं। कुछ महीने पहले जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए इस विद्यालय को कुर्क कर दिया था।विद्यालय के संचालन की जिम्मेदारी बेसिक शिक्षा विभाग को सौंपी गई थी। इसके लिए बीएसए को प्रशासक नियुक्त किया गया था। कुर्क किए गए विद्यालय में चोरी की घटना सामने आने के बाद अधिकारियों में भी हलचल तेज हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही तिर्वा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने विद्यालय में तैनात गार्ड से पूछताछ की है। इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि चोरी करने वालों की पहचान की जा सके।
कोतवाल संजय शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।
Location : Kannauj
Published : 7 August 2026, 5:37 PM IST
Topics : gangster act kannauj news SP leader Theft Case UP News