
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest )
Shamli: कांधला थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब नाला गांव के जंगल में एक युवक का गोली लगा शव गन्ने के खेत में पड़ा मिला। मृतक की पहचान बागपत जिले के रमाला थाना क्षेत्र के ककड़ीपुर गांव निवासी 22 वर्षीय मोहना उर्फ मोनू पुत्र सुरेंद्र के रूप में हुई है। मोनू पहले कबड्डी का खिलाड़ी भी रह चुका था। खेत में शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।
परिजनों के मुताबिक, मोनू शनिवार सुबह करीब 5:15 बजे अपने घर से नाला गांव के लिए निकला था। बताया गया कि उसे वहां से मजदूर लेने थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता होने लगी।
इसी बीच नाला गांव में रजबहे की पटरी के पास किसान परविंदर के गन्ने के खेत में मोनू का गोली लगा शव पड़ा मिला। खेत पर पहुंचे किसान ने मामले की जानकारी तत्काल डायल-112 पुलिस को दी।
घटना की सूचना मिलते ही कांधला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ ही देर में अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला, क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार और फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
फर्जी सेना भर्ती के नाम पर ठगी का खेल! पूरे नेटवर्क की जांच की मांग, भाकियू ने एसपी को सौंपा ज्ञापन
मृतक के पिता सुरेंद्र ने बताया कि मोनू परिवार का छोटा बेटा था और अभी अविवाहित था। वह पहले कबड्डी खेलता था और स्थानीय स्तर पर खिलाड़ी के तौर पर पहचान रखता था। वर्तमान में वह अपनी जेसीबी मशीन पर काम करता था।
परिवार के मुताबिक, सुबह वह रोजमर्रा के काम के सिलसिले में घर से निकला था, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उसकी हत्या की खबर सामने आ गई।
चार साल तक शादी का वादा, गर्भवती होते ही प्रेमी ने छोड़ा साथ! मैनपुरी की युवती की दर्दनाक कहानी
पुलिस के अनुसार, फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। युवक की गोली मारकर हत्या क्यों और किसने की, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और लोगों से पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद हत्या से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
Location : Shamli
Published : 1 August 2026, 12:39 PM IST
Topics : Kandhla News Shamli News up crime