WhatsApp पर आया नौकरी का ऑफर, क्लिक करते ही शुरू हुआ ठगी का खेल; जानें साइबर ठगों ने कैसे बिछाया जाल

आगरा में साइबर ठगों ने घर बैठे नौकरी और रोजाना हजारों रुपये कमाने का झांसा देकर एक महिला से 5.25 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने ई-कॉमर्स कंपनी के नाम पर टेलीग्राम ग्रुप से जोड़कर फर्जी खरीद आदेशों के जरिए पैसे जमा करवाए। रकम निकालने के नाम पर और पैसे मांगने पर महिला को ठगी का एहसास हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 15 June 2026, 1:26 PM IST

Agra: आगरा में साइबर अपराधियों ने ऑनलाइन कमाई का लालच देकर एक महिला को अपना शिकार बना लिया। व्हाट्सएप पर आए एक मैसेज से शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे ऐसी ठगी में बदल गई, जिसमें महिला को 5.25 लाख रुपये गंवाने पड़े। ठगों ने घर बैठे नौकरी और रोजाना हजारों रुपये कमाने का भरोसा दिलाकर महिला को फर्जी ऑनलाइन काम में फंसा लिया। पीड़िता ने मामले की शिकायत साइबर थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और उन बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही है, जिनमें ठगी की रकम ट्रांसफर की गई थी।

व्हाट्सएप मैसेज से शुरू हुआ ठगी का खेल

जानकारी के मुताबिक न्यू आगरा क्षेत्र की रहने वाली शिखा चोपड़ा को 7 फरवरी को एक व्हाट्सएप मैसेज मिला था। मैसेज में घर बैठे काम करने और हर दिन तीन से सात हजार रुपये तक कमाने का दावा किया गया था। साइबर ठगों ने महिला को भरोसा दिलाया कि वह एक ई-कॉमर्स कंपनी से जुड़कर आसानी से पैसे कमा सकती हैं। इसके लिए उन्हें एक लिंक पर क्लिक करने को कहा गया। महिला ने जब इस ऑफर में रुचि दिखाई तो ठगों ने उन्हें एक टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ दिया। इस ग्रुप का नाम ''अमेजॉन बी 2 वाई'' बताया गया था।

गांव में नहीं रहते नाबालिग बेटे, फिर भी मुकदमों में डाल दिया नाम, आगरा कमिश्नर ऑफिस पहुंची मां का छलका दर्द

छोटे ऑर्डर से शुरू किया विश्वास का खेल

ठगों ने पहले महिला का भरोसा जीतने के लिए छोटे-छोटे खरीद आदेश पूरे करने को कहा। इसमें महिला से कुछ रकम लगाने को कहा गया और बदले में फायदा दिखाया गया। इसके बाद धीरे-धीरे ठगों ने बड़ी रकम जमा करवानी शुरू कर दी। महिला से पहले 19,999 रुपये, फिर 36,999 रुपये और 78,989 रुपये के खरीद आदेशों के नाम पर पैसे जमा करवाए गए। साइबर अपराधियों ने ऐसा माहौल बनाया कि महिला को लगा कि वह वास्तव में एक ऑनलाइन काम कर रही हैं और उससे कमाई हो रही है।

पैसे निकालने की बारी आई तो खुली ठगी की परत

जब महिला ने अपनी कमाई और जमा रकम वापस निकालने की कोशिश की तो असली खेल सामने आया। ठगों ने बहाना बनाया कि उनका खाता बंद हो गया है और रकम निकालने के लिए और पैसे जमा करने होंगे। इसके बाद महिला से एक बार 1,58,999 रुपये और दूसरी बार 2,30,638 रुपये जमा करवाए गए।

अखिलेश यादव का दो दिवसीय आगरा दौरा: शोक संवेदना से लेकर ‘विजन इंडिया’ तक, जानें पूरा कार्यक्रम

तीन लाख और मांगने पर हुआ शक

साइबर ठगों ने इसके बाद भी महिला से करीब तीन लाख रुपये और जमा करने को कहा। लगातार पैसों की मांग से महिला को शक हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुकी हैं। इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की जानकारी जुटाई और साइबर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शुरू की जांच

पीड़िता की शिकायत के बाद साइबर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस उन बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है, जिनमें ठगी की रकम भेजी गई थी। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस पूरे गिरोह में कितने लोग शामिल हैं और ठगों ने कितने लोगों को इसी तरह अपना शिकार बनाया है। डीसीपी साइबर अपराध आदित्य सिंह ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि अनजान लोगों के भेजे गए मैसेज, लिंक और ऑनलाइन नौकरी के ऑफर पर भरोसा नहीं करना चाहिए।

Location :  Agra

Published :  15 June 2026, 1:17 PM IST