
Symbolic Photo
Gurugram: गुरुग्राम के पालम विहार थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोलाहेड़ा गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां किराये पर रहने वाले एक युवक ने अपने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। रविवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस मौके पर पहुंची।
मृतक की पहचान और पारिवारिक स्थिति
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के एटा जिले के कुनेठा गांव निवासी सुभाष (35) के रूप में हुई है। सुभाष गुरुग्राम में दिहाड़ी-मजदूरी करता था और अपने परिवार के साथ मोलाहेड़ा गांव में किराये के मकान में रह रहा था। परिवार के अनुसार, वह रोजमर्रा की मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।
पति-पत्नी के विवाद की बात आई सामने
पुलिस जांच में सामने आया है कि शनिवार को किसी बात को लेकर सुभाष और उसकी पत्नी के बीच कहासुनी हो गई थी। विवाद के बाद उसकी पत्नी पड़ोस में ही अपने मायके चली गई थी। इसके बाद सुभाष रात को कमरे में अकेला रह गया। शुरुआती जांच में इसी पारिवारिक विवाद को घटना से जोड़कर देखा जा रहा है।
सुबह साले ने देखा शव
रविवार तड़के करीब चार बजे सुभाष का साला विपिन, जो एक कंपनी में काम करता है, ड्यूटी से लौटकर कमरे पर पहुंचा। दरवाजा खोलने पर उसने सुभाष को पंखे से फंदे पर लटका देखा। इसके बाद उसने तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
पुलिस और एफएसएल टीम ने किया निरीक्षण
सूचना मिलते ही पालम विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एफएसएल और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम को बुलाकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया गया।
सुसाइड नोट नहीं मिला
जांच अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। फिलहाल पति-पत्नी के बीच मामूली विवाद की बात सामने आई है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
Location : Gurugram
Published : 22 December 2025, 12:57 AM IST