
दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत (Img: Dynamite News)
Hathras: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के थाना हाथरस गेट क्षेत्र के मथुरा रोड स्थित कछपुरा गांव के पास बुधवार को तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कछपुरा निवासी 20 वर्षीय युवक रॉकी पुत्र रविंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, रॉकी पुत्र रविंद्र टाइल्स और पत्थर लगाने का काम करता था। बुधवार को वह बाइक से कछपुरा गांव से हाथरस शहर की ओर जा रहा था। इसी दौरान मथुरा रोड पर सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।
दूसरी बाइक पर नगला नंदू निवासी राजेश, लोकेश और नीरज सवार थे। दोनों बाइकों की भिड़ंत इतनी तेज थी कि रॉकी की मौके पर ही मौत हो गई।
Hathras: हाथरस में दबंगों की करतूत से शर्मसार हुई मानवता, सरेआम युवक के साथ घिनौनी हरकत
हादसे में राजेश, लोकेश और नीरज गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर थाना हाथरस गेट पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा।
पुलिस ने मृतक रॉकी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की सूचना मिलते ही रॉकी के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
Location : Hathras
Published : 19 August 2026, 4:40 PM IST