हिंदी
Haldwani : उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर में शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। शनि बाजार रोड क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कैंटर ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी सवार 13 वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार शाम करीब छह बजे बच्ची अपनी बहन के साथ स्कूटी से बाजार जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे कैंटर ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और घटनास्थल पर ही उसने दम तोड़ दिया।
मृतक बच्ची की पहचान हदिया के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद की रहने वाली थी। बताया जा रहा है कि गर्मी की छुट्टियां बिताने के लिए वह अपने ननिहाल हल्द्वानी आई हुई थी। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि छुट्टियों का यह सफर इतनी बड़ी त्रासदी में बदल जाएगा।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। देखते ही देखते सैकड़ों लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए और आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। स्थिति तनावपूर्ण होती देख पुलिस अधिकारियों को अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा।
पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद भीड़ को शांत कराया और कैंटर चालक को सुरक्षित हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। अधिकारियों ने वाहन को भी कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और चालक से पूछताछ की जा रही है।
मुरादाबाद में भीषण सड़क हादसा: ई-रिक्शा सवार परिवार पर टूटा कहर, दो मासूम भाइयों की दर्दनाक मौत
हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। बताया जा रहा है कि बच्ची के पिता सऊदी अरब में नौकरी करते हैं। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Location : Haldwani
Published : 9 June 2026, 3:39 PM IST