हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
Greater Noida: यमुना एक्सप्रेसवे पर 23 सितंबर की देर रात चलती स्लीपर बस में लगी आग के हादसे में जान गंवाने वाले सभी नौ यात्रियों की पहचान हो गई है। शुक्रवार को महोबा निवासी सुनीता गुप्ता और उनके बेटे शशांक गुप्ता के साथ नोएडा निवासी ओमप्रकाश की भी पहचान हुई। हादसे में मां को बचाने की कोशिश कर रहे सॉफ्टवेयर इंजीनियर बेटे की भी आग की चपेट में आने से मौत हो गई।
शशांक गुरुग्राम में इंडिगो एयरलाइंस में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे। वह करीब एक महीने से अपने साथ रह रहीं मां सुनीता को लेकर महोबा लौट रहे थे। सुनीता पैरों और घुटनों की बीमारी के कारण चलने-फिरने में असमर्थ थीं और उनका इलाज चल रहा था।
परिजनों के मुताबिक, दोनों बस की पिछली सीट पर बैठे थे। आग लगने के बाद बस में धुआं तेजी से भर गया और यात्रियों में अफरातफरी मच गई। बताया गया कि शशांक अपनी मां को अकेला छोड़कर बाहर नहीं निकले। मां को बचाने के प्रयास में दोनों आग और धुएं की चपेट में आ गए।
हादसे में नोएडा निवासी ओमप्रकाश की भी मौत हुई थी। आग में शव बुरी तरह झुलस जाने के कारण चेहरे से पहचान मुश्किल थी। बाद में परिजनों ने गले में पहनी चेन के आधार पर उनकी पहचान की।
हादसे में छतरपुर निवासी श्रुति रावत, हमीरपुर के राठ निवासी सरोज गुप्ता और उनके बेटे मयंक गुप्ता, हिसार निवासी देवेंद्र सहाय भारद्वाज, जालौन निवासी हर शरण गुप्ता, हमीरपुर के मुस्कुरा निवासी ऊषा देवी, महोबा निवासी सुनीता गुप्ता और उनके बेटे शशांक गुप्ता तथा नोएडा निवासी ओमप्रकाश की मौत हुई।
पुलिस ने बस के दोनों चालक पवन और विनोद तथा हेल्पर योगेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है। बस संचालक को नोटिस देकर पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। बस में मौजूद यात्रियों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे।
पुलिस की शुरुआती जांच में बस के एयर कंडीशनर में स्पार्क के बाद शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद होगी। नोएडा पुलिस ने कश्मीरी गेट से संचालित होने वाली बसों के संचालन और दस्तावेजों की जांच को लेकर दिल्ली पुलिस से भी जानकारी मांगी है।
जेवर कोतवाली प्रभारी अजय कुमार के अनुसार, हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। सभी नौ मृतकों की पहचान पूरी हो चुकी है और पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस के अनुसार, घटना के समय चालक और परिचालक ने शराब नहीं पी रखी थी।
Location : Greater Noida
Published : 26 September 2026, 1:52 PM IST