
गोरखपुर कार चालक महिला से मारपीट (फोटो: डाइनामाइट न्यूज़)
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के जिले गोरखपुर शाहपुर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद महिला कार चालक के साथ कथित अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रेल विहार कॉलोनी निवासी शिवांगी शुक्ला अपने पिता को अस्पताल ले जा रही थीं। इसी दौरान कौआबाग–रेलवे अस्पताल मार्ग पर उनकी कार की एक बाइक से टक्कर हो गई। आरोप है कि हादसे के बाद बाइक सवार युवक ने महिला पर माफी मांगने का दबाव बनाया। महिला द्वारा इसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि युवक ने अपने साथियों को मौके पर बुला लिया, जिसके बाद महिला को कार से बाहर खींचकर उसके साथ मारपीट की गई और कार में भी तोड़फोड़ की गई। बीच सड़क हुए इस घटनाक्रम से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।
ये भी पढ़ें: Gorakhpur ATS Raid: इंटरनेशनल साइबर क्राइम सिंडिकेट पर शिकंजा, गोरखपुर में ATS की गुप्त छापेमारी
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद शाहपुर पुलिस ने पूरे मामले का संज्ञान लिया। पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक नगर ने वीडियो बयान जारी कर बताया कि महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क पर कानून हाथ में लेने, महिलाओं से अभद्रता करने या सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई कि किसी भी विवाद की स्थिति में स्वयं फैसला करने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
दिनदहाड़े हुई इस घटना ने शहर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 10 July 2026, 7:28 PM IST