
सड़क हादसों पर लगेगी लगाम(IMG: Dynamite News)
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एडीएम सिटी ने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े मानकों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग निर्धारित समयसीमा में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) तथा माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा सड़क सुरक्षा के संबंध में जारी निर्देशों के अनुपालन की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सड़क सुरक्षा समिति द्वारा निर्धारित सभी मानकों का शत-प्रतिशत पालन कराया जाए, जिससे दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके।
समीक्षा के दौरान वर्ष 2024 और 2025 के सड़क हादसों के आंकड़ों की तुलना भी प्रस्तुत की गई। इसमें दुर्घटनाओं की संख्या, घायलों और मृतकों के आंकड़ों का विश्लेषण करते हुए उन स्थानों की पहचान की गई, जहां लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। एडीएम सिटी ने निर्देश दिया कि चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। वहां चेतावनी संकेतक, रंबल स्ट्रिप, स्पीड ब्रेकर, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और अन्य सुरक्षा उपाय प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं।
बैठक में बताया गया कि जिले के कई क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं में कमी दर्ज की गई है, लेकिन कुछ स्थान अभी भी संवेदनशील बने हुए हैं। ऐसे क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण कर कमियों को दूर करने और समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव ने बताया कि हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित कराने, ओवरस्पीडिंग, नशे की हालत में वाहन चलाने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं।
बैठक में स्कूल वाहनों की नियमित जांच, ओवरलोडिंग पर सख्ती, नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन पर रोक तथा सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। अंत में एडीएम सिटी ने सभी विभागों से समन्वय बनाकर कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में एसपी ट्रैफिक, लोक निर्माण विभाग, परिवहन विभाग, नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Location : Gorakhpur
Published : 30 July 2026, 7:02 PM IST