गोरखपुर: रथयात्रा में जेसीबी से कुचलकर बालक की मौत का मामला, हत्या के आरोप में तीन गिरफ्तार

एम्स थाना क्षेत्र में 18 नवंबर को रथयात्रा के दौरान जेसीबी की टक्कर से बालक की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 21 November 2026, 2:46 PM IST

Gorakhpur: एम्स थाना क्षेत्र में 18 नवंबर को रथयात्रा के दौरान जेसीबी की टक्कर से बालक की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। शुरुआत में सड़क हादसे का मामला मानकर दर्ज किए गए मुकदमे में विवेचना के दौरान नया मोड़ आ गया। वादी की ओर से दोबारा दिए गए प्रार्थना पत्र और पुलिस द्वारा जुटाए गए अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में हत्या और आपराधिक साजिश की धाराएं बढ़ाई गईं। शनिवार को एम्स पुलिस ने तीनों वांछित आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

 क्या है पूरा मामला?

पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर 2026 को एम्स थाना क्षेत्र में रथयात्रा के दौरान चल रही जेसीबी की चपेट में आने से वादी का पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद उसे तत्काल इलाज के लिए एम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले की विवेचना आगे बढ़ने के साथ ही घटनाक्रम को लेकर नए तथ्य सामने आए। वादी मुकदमा की ओर से दोबारा प्रार्थना पत्र दिए जाने और अन्य साक्ष्यों के संकलन के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 61(2) की बढ़ोतरी कर दी। इसके बाद मामला सड़क दुर्घटना से बदलकर हत्या और आपराधिक साजिश के आरोपों से जुड़ गया।

तीन आरोपितों को किया गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष एम्स महेंद्र कुमार पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपितों में योगेश यादव पुत्र राम जियावन यादव निवासी कोड़ईया, पोस्ट कूड़ाघाट थाना एम्स, मृत्युंजय यादव उर्फ बिट्टू पुत्र मेजर हीरालाल यादव निवासी बरहुआ थाना सहजनवां, हाल मुकाम मकान नंबर 92डी तारामंडल थाना रामगढ़ताल तथा मनोज यादव पुत्र सुभाष यादव निवासी नंदानगर दरगहिया थाना एम्स शामिल हैं।

यूपी के व्यापारियों ने खोला मांगों का पिटारा, योगी सरकार से मांगी ये 10 सुविधाएं

एसओजी और स्वाट टीम भी शामिल रही

इस कार्रवाई में एम्स थाना पुलिस के साथ कैंट थाना पुलिस, एसओजी और स्वाट टीम भी शामिल रही। थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार पांडेय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक आलोक शुक्ला, शिवांशु सिंह, अभिनव पांडेय, रवि प्रकाश कुंवर, राजमंगल सिंह और अजय पटेल समेत पुलिसकर्मियों ने गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाई।

पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। रथयात्रा के दौरान हुई बालक की मौत के मामले में मुकदमे की धाराएं बदलने और तीन गिरफ्तारियों से पूरे घटनाक्रम ने गंभीर मोड़ ले लिया है।

Location :  Gorakhpur

Published :  21 November 2026, 2:45 PM IST