हिंदी
राप्ती नदी में 11वीं के छात्र अंश मौर्या लापता (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: गोरखपुर के झंगहा थाना क्षेत्र में राप्ती नदी में 11वीं के छात्र अंश मौर्या के लापता होने से हड़कंप मच गया है। गुरुवार को वह अपने दोस्तों के साथ नदी किनारे गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। आशंका जताई जा रही है कि वह नदी में डूब गया है। शुक्रवार सुबह से ही एनडीआरएफ और पुलिस की टीम लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था।
जानकारी के अनुसार, अंश मौर्या मूल रूप से रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के महेवा का रहने वाला था। वह झंगहा के रामनगर में अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था। अंश झंगहा स्थित आदित्य पब्लिक स्कूल का छात्र था और हाईस्कूल परीक्षा में स्कूल टॉप भी कर चुका था। वर्तमान में वह 11वीं कक्षा का छात्र था और पढ़ाई में काफी मेधावी माना जाता था।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार दोपहर अंश अपने पांच दोस्तों के साथ घर से निकला था। शाम करीब तीन बजे उसके राप्ती नदी में डूबने की सूचना परिवार को मिली। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई। इसके बाद प्रशासन ने रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाया।
घटना के बाद अंश की मां प्रतिमा मौर्या का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटे के साथ गए दोस्तों की भूमिका संदिग्ध है। उनका कहना है कि अंश पढ़ाई में तेज था और स्कूल में टॉपर था, जिससे कुछ लोग उससे जलते थे। उन्होंने आशंका जताई कि यह केवल हादसा नहीं भी हो सकता है।
अंश के पिता राम प्रवेश मौर्या पंजाब में टाइल्स ठेकेदारी का काम करते हैं और घटना की सूचना मिलने के बाद वे गोरखपुर के लिए रवाना हो गए हैं। घर में मां और छोटा भाई अरूष गहरे सदमे में हैं और लगातार रो रहे हैं, जिससे माहौल गमगीन हो गया है।
यूपी में बाहुबलियों के शस्त्र लाइसेंस पर हाईकोर्ट सख्त, 19 नामों की रिपोर्ट तलब
पुलिस जांच में नदी किनारे झाड़ियों से छात्र के कपड़े और चप्पल बरामद हुए हैं। वहीं, दोस्तों के बयान में विरोधाभास की बात भी सामने आई है। थाना प्रभारी अनूप सिंह के अनुसार एनडीआरएफ और पुलिस की टीम लगातार तलाश कर रही है और सच्चाई पूरी जांच और रेस्क्यू के बाद ही सामने आएगी।
Location : गोरखपुर
Published : 22 May 2026, 12:25 PM IST