हिंदी
पुलिस और पीएसी ने बचाई युवक की जान (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: राजघाट थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति ने नदी में छलांग लगा दी और डूबने लगा। सूचना मिलते ही राजघाट पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 26वीं वाहिनी पीएसी के बाढ़ राहत दल के साथ संयुक्त अभियान चलाकर डूब रहे व्यक्ति को सकुशल बाहर निकाल लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक व्यक्ति की जान बच गई।
पुलिस के अनुसार, थाना राजघाट पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति नदी में छलांग लगाने के बाद डूब रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी पाण्डेयहाता योगेंद्र पाण्डेय और चौकी प्रभारी टीपी नगर संजय चंदेल के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मौके पर स्थिति का जायजा लेने के बाद थाना राजघाट पुलिस और 26वीं वाहिनी पीएसी के बाढ़ राहत दल ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान शुरू किया।
ये भी पढ़ें- गोरखपुर में आजादी का जश्न, सड़कों से तहसील तक दिखा अनोखा नजारा
बचाव दल ने नदी में डूब रहे व्यक्ति तक पहुंचकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की। पूछताछ में व्यक्ति ने बताया कि उसका अपनी पत्नी से विवाद हुआ था। इसी विवाद से क्षुब्ध होकर उसने आत्महत्या के उद्देश्य से नदी में छलांग लगा दी थी। समय रहते पुलिस और पीएसी की टीम के मौके पर पहुंच जाने से उसकी जान बच गई।

घटना के बाद पुलिस टीम ने व्यक्ति को समझाया और भविष्य में इस तरह का कदम नहीं उठाने के लिए जागरूक किया। पुलिस की तत्परता और बाढ़ राहत दल के साहसिक प्रयास की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।
ये भी पढ़ें- कोल्हुई के अस्पताल में बिछी ‘मौत’ की चिंगारी! ड्रग स्टोर में भयंकर आग से हड़कंप, बाल-बाल बची सैकड़ों जिंदगी
बचाव अभियान में चौकी प्रभारी पाण्डेयहाता योगेंद्र पाण्डेय, चौकी प्रभारी टीपी नगर संजय चंदेल, उपनिरीक्षक मृत्युंजय राय, आरक्षी सूरज गुप्ता और आरक्षी आशीष मौर्य शामिल रहे। पुलिस की समयबद्ध कार्रवाई ने एक बार फिर आपात परिस्थितियों में त्वरित पुलिस रिस्पांस और पीएसी बाढ़ राहत दल के समन्वय की उपयोगिता को साबित किया।
Location : Gorakhpur
Published : 15 August 2026, 11:43 AM IST
Topics : Gorakhpur News rescue operation UP News UP Police