
गोरखपुर में 9 साल के बच्चे की हत्या (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: पिपराइच थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में शनिवार रात पुरानी रंजिश को लेकर हुए खूनी हमले में चौथी कक्षा में पढ़ने वाले 9 वर्षीय मासूम सरस सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि 15 वर्षीय शिवकुमार गंभीर रूप से घायल है। मासूम की मौत से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब नौ बजे राजू सिंह का पुत्र शिवकुमार और उनके साढ़ू अरविंद सिंह का 9 वर्षीय बेटा सरस सिंह पिपराइच के बेला चौराहे की ओर जा रहे थे। सरस अपनी मां के निधन के बाद माधोपुर स्थित अपनी मौसी के घर रहकर पढ़ाई करता था। बताया जा रहा है कि दोनों मौसा की दुकान की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में 8 से 9 युवकों ने उन्हें घेर लिया।
ये भी पढ़ें- “डॉक्टर, मेरे पेट में दर्द है…” बच्ची को पहले बिस्तर पर लिटाया, फिर उसके साथ की अश्लील हरकत, ऐसे खुली खौफनाक करतूत
आरोप है कि हमलावरों ने दोनों पर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और ईंट-पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन घटनास्थल पहुंचे और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपराइच ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, देर रात इलाज के दौरान 9 वर्षीय सरस सिंह ने दम तोड़ दिया, जबकि शिवकुमार की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
मासूम की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था और यदि पुलिस समय रहते प्रभावी कार्रवाई करती तो यह घटना टाली जा सकती थी। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढ़ें- नोएडा से गुड़गांव तक ईडी की ताबड़तोड़ छापेमारी: रहेजा डेवलपर्स की 782 करोड़ की अचल संपत्ति कुर्क, जानिये पूरा मामला
पिपराइच थाना प्रभारी विवेक त्रिवेदी ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जांच के आधार पर मुकदमे में आवश्यक धाराएं बढ़ाई जाएंगी।
Location : Gorakhpur
Published : 2 August 2026, 1:21 PM IST