Gorakhpur: मालिक का पता पूछने के बहाने केबिन में घुसा, फिर 1.41 लाख रुपये लेकर फरार

चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे दिनदहाड़े प्रतिष्ठानों के भीतर घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देने से भी नहीं हिचक रहे हैं। चिलुआताल थाना क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप के केबिन में घुसे शातिर चोर ने बड़ी सफाई से काउंटर की दराज में रखे एक लाख 41 हजार 819 रुपये पार कर दिए।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 23 November 2026, 12:12 PM IST

Gorakhpur: चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे दिनदहाड़े प्रतिष्ठानों के भीतर घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देने से भी नहीं हिचक रहे हैं। चिलुआताल थाना क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप के केबिन में घुसे शातिर चोर ने बड़ी सफाई से काउंटर की दराज में रखे एक लाख 41 हजार 819 रुपये पार कर दिए। आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के लिए पहले कर्मचारी को बातचीत में उलझाया और पेट्रोल पंप मालिक के बारे में पूछताछ करने का बहाना बनाया। कर्मचारी जब उसकी बातों में उलझा रहा, उसी दौरान आरोपी ने मौका पाकर दराज में रखी बिक्री की पूरी रकम निकाल ली और वहां से फरार हो गया।

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात

चोरी की यह पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज सामने आने के बाद आरोपी की करतूत उजागर हुई है। बताया जा रहा है कि घटना 11 नवंबर की है। आरोपी की गतिविधियां कैमरे में रिकॉर्ड होने के बावजूद वह वारदात को अंजाम देकर आसानी से निकल गया।

सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध की गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं। वह दो बार पेट्रोल पंप के केबिन के अंदर आता-जाता नजर आ रहा है। पहली बार वह कर्मचारी से बातचीत करता है और मालिक के बारे में पूछताछ करने के बहाने उसे अपनी बातों में उलझाता है। इसके बाद मौका मिलते ही काउंटर की दराज में रखी नकदी पर हाथ साफ कर देता है। आरोपी ने इतनी सफाई से चोरी की कि कर्मचारी को तत्काल इसकी भनक तक नहीं लग सकी। कुछ देर बाद दराज से रकम गायब मिलने पर चोरी की जानकारी हुई तो पेट्रोल पंप पर हड़कंप मच गया।

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात (Img: Dynamite News)

गोरखपुर में पुलिस महकमे का बड़ा उलटफेर, 65 दरोगाओं तबादले, कई थानों के प्रभारी बदले

आरोपी को जल्द ही किया जाएगा गिरफ्तार

चोरी की रकम की गिनती करने पर कुल एक लाख 41 हजार 819 रुपये गायब मिले। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने चिलुआताल थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

बताया जा रहा है कि घटना का सीसीटीवी वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस आरोपी की पहचान करने में जुटी है। फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्ध और बाइक नंबर को आधार बनाकर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर जल्द ही उसे गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Vivo Y21s 5G जल्द होगा लॉन्च, 6500mAh बैटरी, 50MP कैमरा और 120Hz डिस्प्ले के साथ मचाएगा धमाल

अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच जारी

पेट्रोल पंप जैसे व्यस्त प्रतिष्ठान में इस तरह चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। कर्मचारी से बातचीत कर उसे उलझाना और फिर बिक्री की पूरी रकम लेकर निकल जाना आरोपी की सुनियोजित चाल की ओर इशारा करता है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Location :  Gorakhpur

Published :  23 November 2026, 12:11 PM IST