हिंदी
r: गोरखपुर में युवक की गोली मारकर हत्या (Source: Dynamite News)
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में पारिवारिक विवाद के दौरान युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र के करनपुरा गांव में गुरुवार को हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। आरोप है कि खेत की जुताई कराने के सिलसिले में गांव पहुंचे युवक को उसके चचेरे भाई ने लाइसेंसी बंदूक से गोली मार दी। गोली लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान करनपुरा गांव निवासी शिवम पांडेय, पुत्र स्वर्गीय सुदामा उर्फ गामा, के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, शिवम गुरुवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे अपने पाही गांव मेथौली से करनपुरा पहुंचे थे। बताया गया कि वह खेत की जुताई कराने के सिलसिले में गांव आए थे।
इसी दौरान किसी बात को लेकर उनका अपने चचेरे भाई राधेश्याम पांडेय, पुत्र राम पलट पांडेय, से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर राधेश्याम ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से शिवम को गोली मार दी। गोली लगने से शिवम की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, विवाद की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
गांव में दिनदहाड़े गोली चलने और युवक की मौत की खबर फैलते ही अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर हरपुर-बुदहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल पुलिस घटना के पीछे की वजह और विवाद से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। आरोपी के खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।
Crime News: बदायूं के सचिन की बरेली में संदिग्ध मौत, पत्नी और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप
परिजनों के मुताबिक, शिवम की अभी शादी नहीं हुई थी। वह घर पर रहकर खेती-किसानी करता था। वह तीन भाइयों में से एक था, जबकि उसके दो भाई बाहर रहकर निजी कंपनियों में नौकरी करते हैं।
शिवम की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि मृतक के पिता पांच भाई थे। ऐसे में चचेरे भाइयों के बीच विवाद के दौरान हुई इस घटना ने परिवार और गांव के लोगों को झकझोर दिया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और वारदात किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्य सामने आ सकते हैं।
Location : Gorakhpur
Published : 15 October 2026, 12:50 PM IST