
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: पीपीगंज थाना क्षेत्र में मोबाइल और पर्स चोरी के शक को लेकर हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। खेत में सिंचाई कर रहे दो युवकों के साथ बेरहमी से मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पीपीगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घटना 30 जुलाई की है। वादी अपने गांव के एक अन्य व्यक्ति के साथ खेत में पानी चला रहा था। इस दौरान दोनों ने अपना मोबाइल फोन और पर्स सड़क किनारे विद्युत पोल के नीचे रख दिया था। कुछ देर बाद लौटने पर दोनों का सामान गायब मिला। चोरी की आशंका पर जब उन्होंने गांव के ही रहीम से पूछताछ की तो विवाद बढ़ गया।
ये भी पढ़ें- Sultanpur: ‘स्मार्ट गांव’ के दावों पर सवाल, शिकायत पर प्रधान बोले “112 बुला लो”, बीडीओ ने मांगा प्रार्थना पत्र
आरोप है कि रहीम ने अपने साथियों रहमान, रिजवान और शिवम को मौके पर बुला लिया। इसके बाद चारों आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए वादी और उसके साथी पर हमला बोल दिया। लाठी-डंडों और मारपीट से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित की तहरीर पर पीपीगंज थाने में हत्या के प्रयास सहित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी कैंपियरगंज के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष पीपीगंज के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मामले की जांच तेज करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में भरवल वार्ड नंबर-15 निवासी रहीम और रहमान, वार्ड नंबर-1 अंबेडकर नगर निवासी रिजवान तथा वर्तमान में हनुमंत नगर, पीपीगंज में रहने वाला शिवम श्रीवास्तव शामिल है।
ये भी पढ़ें- एक तेज रफ्तार ने सब कुछ छीन लिया… सड़क किनारे बकरी चरा रही वृद्धा की दर्दनाक मौत
गिरफ्तारी की कार्रवाई उपनिरीक्षक रितेश सिंह, कांस्टेबल शिवम तिवारी, आरक्षी अभिषेक कुमार, कांस्टेबल राहुल तथा कांस्टेबल आवेश सिंह की टीम ने संयुक्त रूप से की। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी है।
Location : Gorakhpur
Published : 1 August 2026, 8:25 PM IST