Gorakhpur: थाने के सामने दिनदहाड़े कपड़े की दुकान से 20 साड़ियां चोरी, सीसीटीवी में ये करते कैद हुईं महिलाएं

गोरखपुर के हरपुर बुदहट में थाना गेट के सामने कपड़े की दुकान पर दिनदहाड़े चोरी का मामला सामने आया है। चार महिलाएं साड़ी खरीदने के बहाने दुकान में पहुंचीं और दुकानदार को बातों में उलझाए रखा। उनके जाने के बाद करीब 20 साड़ियां गायब मिलीं।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 11 September 2026, 5:40 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर जिले के हरपुर बुदहट थाना गेट के ठीक सामने स्थित कपड़े की दुकान से दिनदहाड़े चार महिलाओं द्वारा करीब 20 साड़ियां चोरी कर ले जाने का मामला सामने आया है। चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। दुकानदार की तहरीर पर पुलिस ने फुटेज के आधार पर महिलाओं की पहचान और तलाश शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत अनन्तपुर हरपुर निवासी अवध किशोर गुप्ता पुत्र स्व. शिव मूरत गुप्ता की थाना गेट के सामने अमन वस्त्रालय के नाम से कपड़े की दुकान है। दुकानदार के मुताबिक बीते गुरुवार को साप्ताहिक बाजार लगा था। दोपहर करीब ढाई बजे चार महिलाएं दुकान पर कपड़े खरीदने के बहाने पहुंचीं। सभी महिलाएं दुकान के अंदर जाकर साड़ियों को देखने लगीं और दुकानदार को अलग-अलग साड़ियां दिखाने में उलझाए रखा।

ये भी पढ़ें- घर में घुसकर परिवार पर हमला, बेहोश हुई 14 साल की शिवानी ने इलाज के दौरान तोड़ा दम; भड़के परिजन

महिलाओं के जाने के बाद हुआ चोरी का आंदेशा

दुकानदार का कहना है कि महिलाओं के दुकान में आने और साड़ियां देखने के दौरान उन्हें चोरी का कोई अंदेशा नहीं हुआ। महिलाएं कुछ देर तक कपड़े देखने के बाद वहां से चली गईं। उनके जाने के बाद जब दुकान में रखे सामान को व्यवस्थित किया गया तो कुछ साड़ियों के पैकेट और झिल्लियां खाली मिलीं। इससे दुकानदार को चोरी की आशंका हुई।

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज

इसके बाद उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। फुटेज देखने पर कथित तौर पर महिलाएं साड़ियों को अपने कपड़ों के बीच छिपाकर ले जाती दिखाई दीं। दुकानदार के अनुसार महिलाएं करीब 20 साड़ियां लेकर फरार हुई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 18 हजार रुपये बताई गई है।

ये भी पढ़ें- “पापा अब कभी नहीं लौटेंगे” भागलपुर में भाजपा नेता के शव से लिपटकर बिलखती बेटी को देख लोगों की आंखें हुईं नम

घटना की जानकारी मिलते ही दुकानदार ने हरपुर बुदहट थाने में तहरीर दी। थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पाठक ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिलाओं की पहचान और उनका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Location :  Gorakhpur

Published :  11 September 2026, 5:40 PM IST