11 लाख लेकर सरकारी नौकरी पक्की! फर्जी नियुक्ति पत्र थमाकर युवक से ऐंठी रकम, बेरोजगार युवक को बनाया शिकार

गोरखपुर में सरकारी नौकरी का सपना एक युवक के लिए महंगा साबित हुआ। नौकरी पक्की कराने का भरोसा देने वाले शख्स ने लाखों रुपये लेने के बाद ऐसा कदम उठाया कि मामला पुलिस तक पहुंच गया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 30 July 2026, 5:13 PM IST

Gorakhpur: सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर बेरोजगार युवाओं से ठगी करने वाले गिरोहों के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला गोरखपुर से सामने आया है, जहां एक युवक से सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 11 लाख 18 हजार 400 रुपये ठग लिए गए। हैरानी की बात यह रही कि आरोपी ने भरोसा जीतने के लिए फर्जी नियुक्ति पत्र और फर्जी पहचान पत्र तक तैयार कर पीड़ित को सौंप दिया। जब इन दस्तावेजों की सच्चाई सामने आई तो पूरे खेल का पर्दाफाश हो गया।

सरकारी विभाग में नौकरी दिलाने का दिया भरोसा

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपी संतोष कुमार गौतम ने खुद को प्रभावशाली व्यक्ति बताते हुए सरकारी विभाग में नौकरी लगवाने का भरोसा दिया। सरकारी नौकरी की उम्मीद में युवक ने अलग-अलग किस्तों में आरोपी को कुल 11 लाख 18 हजार 400 रुपये दे दिए। आरोपी लगातार भरोसा दिलाता रहा कि नियुक्ति प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द जॉइनिंग मिल जाएगी।

फर्जी नियुक्ति पत्र देकर बढ़ाया भरोसा

कुछ समय बाद आरोपी ने पीड़ित को एक कथित नियुक्ति पत्र और पहचान पत्र सौंप दिया। इन दस्तावेजों को देखकर युवक को लगा कि अब उसकी नौकरी पक्की हो गई है। लेकिन जब दस्तावेजों की जांच कराई गई तो पता चला कि नियुक्ति पत्र और आईडी कार्ड पूरी तरह फर्जी हैं। इसके बाद पीड़ित के पैरों तले जमीन खिसक गई।

ये भी पढ़ें- Deoria: बिना हेलमेट और तीन सवारी वाले सावधान! देवरिया में यातायात पुलिस ने कसना शुरू किया शिकंजा

रुपये मांगे तो आरोपी ने किया इनकार

सच्चाई सामने आने के बाद पीड़ित ने आरोपी से अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन उसने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने पीपीगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने दबोचा आरोपी

पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी संतोष कुमार गौतम को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान कुशीनगर जिले के कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के अन्हारीबाग निवासी के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी से कई अहम जानकारियां जुटाई जा रही हैं।

ये भी पढ़ें- राम मंदिर दान मामले में पूर्व ट्रस्टी अनिल मिश्रा से फिर होगी पूछताछ, SIT ने तेज की जांच दान और चढ़ावे की जांच ने पकड़ी रफ्तार

पुराने मामलों की भी हो रही जांच

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस ठगी में और कौन-कौन लोग शामिल थे। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं अन्य बेरोजगार युवाओं को भी इसी तरह सरकारी नौकरी का झांसा देकर ठगी का शिकार तो नहीं बनाया गया।

Location :  Gorakhpur

Published :  30 July 2026, 5:13 PM IST