
युवक की पोखरे में डूबने से मौत (Source: Dynamite News)
Gorakhpur: गोला थाना क्षेत्र के भूपगढ़ गांव में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे में ससुराल आए युवक की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। युवक नहाने के लिए गांव के एक गहरे पोखरे में उतरा था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। ग्रामीणों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
जानकारी के अनुसार, सरम गांव निवासी बलिराम (38) पुत्र रामकिशुन की शादी गेनुआडीह निवासी ममता से हुई थी। उनकी छह वर्षीय बेटी गुनिता भी है। पत्नी अपनी बेटी के साथ मायके में रह रही थी, जिसके चलते बलिराम का ससुराल आना-जाना लगा रहता था। गुरुवार को भी वह ससुराल आया हुआ था।
बताया जा रहा है कि शाम करीब पांच बजे बलिराम ससुराल से लगभग 100 मीटर दूर भूपगढ़ गांव के गहरे पोखरे में नहाने चला गया। ग्रामीणों के मुताबिक, उस समय वह नशे की हालत में था। पोखरे में उतरते ही वह गहरे पानी में पहुंच गया और डूबने लगा।
पोखरे के किनारे मछली पकड़ रहे लोगों की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाया। आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और पानी में उतरकर उसे बचाने का प्रयास शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने बलिराम को पोखरे से बाहर निकाला। इसके बाद उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बलिराम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले बलिराम की अचानक मौत से परिवार के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। गांव में भी शोक का माहौल है।
सूचना मिलने पर गोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 7 August 2026, 9:22 AM IST
Topics : Accident News Gola news Gorakhpur News