गोरखपुर: फोरलेन पर दर्दनाक हादसा, अमूल दूध के ट्रक ने ट्रैक्टर में मारी टक्कर; एक मजदूर की मौत, चार घायल

गोरखपुर के गगहा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे ट्रैक्टर की मरम्मत कर रहे मजदूरों को तेज रफ्तार अमूल दूध से लदे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 23 May 2026, 2:09 PM IST

Gorakhpur: जनपद के गगहा थाना क्षेत्र अंतर्गत हाटा बाजार के दक्षिण स्थित शिवपुर के सामने फोरलेन मार्ग पर शनिवार सुबह करीब 9 बजे एक भीषण सड़क हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि चार अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर की मरम्मत का कार्य चल रहा था। तेज रफ्तार अमूल दूध से लदा ट्रक पीछे से आकर ट्रैक्टर और लिंटर लगाने वाली मशीन से टकरा गया।

ट्रैक्टर और मशीन में जोरदार टक्कर

प्राप्त जानकारी के अनुसार फोरलेन मार्ग पर एक ट्रैक्टर के साथ लिंटर लगाने वाली मशीन खड़ी थी। ट्रैक्टर में तकनीकी खराबी आने के कारण चालक और मजदूर सड़क पर ही वाहन खड़ा कर उसका बेयरिंग बदलने का काम कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे अमूल दूध के ट्रक ने अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर और मशीन में जोरदार टक्कर मार दी।

ट्रैक्टर और लिंटर मशीन बुरी तरह क्षतिग्रस्त

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर और लिंटर मशीन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं मौके पर काम कर रहे मजदूर उछलकर सड़क पर जा गिरे।

गोरखपुर में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, वीडियो कॉल के बाद घटना; परिजनों ने लगाए प्रताड़ना के आरोप

शिहाईजपार की मौके पर ही मौत

हादसे में अनिल यादव पुत्र बैजनाथ यादव निवासी शिहाईजपार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विकास, काजू, रामदयाल और नमाज गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजवाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

Kanpur Dehat News: खेत की रखवाली कर रहे किसान पर मौत बनकर टूटा सांड, गांव में मचा हड़कंप

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायलों के उपचार की व्यवस्था कराई गई। दुर्घटना के बाद फोरलेन पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर आवागमन सामान्य कराया।

ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस 

स्थानीय लोगों का कहना है कि फोरलेन पर बिना सुरक्षा संकेतक, बैरिकेडिंग या चेतावनी बोर्ड लगाए सड़क पर वाहन खड़ा कर मरम्मत कार्य करना हादसों को न्योता देता है। लोगों ने फोरलेन पर मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों को अनिवार्य किए जाने की मांग की है। वहीं पुलिस ट्रक चालक की तलाश और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।

Location :  Gorakhpur

Published :  23 May 2026, 1:15 PM IST