नकली सोना लेकर बैंक पहुंचे, लोन लेने से पहले ही खुल गया बड़ा खेल! दो आरोपी गिरफ्तार

गोरखपुर में गोल्ड लोन लेने पहुंचे दो लोगों की कोशिश उस वक्त मुश्किल में पड़ गई, जब बैंक में पेश किए गए सोने की जांच हुई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। अब जांच सिर्फ नकली सोने तक सीमित नहीं है, बल्कि पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि सोना कहां से आया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 20 August 2026, 7:27 PM IST

Gorakhpur: नकली सोना दिखाकर बैंक से गोल्ड लोन हासिल करने की कोशिश के मामले में कैंट पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने आईडीबीआई बैंक में खाता खुलवाने के बाद गोल्ड लोन के लिए आवेदन किया था। बैंक में नकली सोना प्रस्तुत कर धोखाधड़ी के जरिए ऋण लेने की कोशिश की गई। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

बैंक में खाता खुलवाकर गोल्ड के लिए किया आवेदन

पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त 2026 को दोनों आरोपी आईडीबीआई बैंक पहुंचे थे। वहां उन्होंने बैंक में खाता खुलवाया और गोल्ड लोन के लिए आवेदन किया। लोन स्वीकृत कराने के लिए उनके द्वारा सोना प्रस्तुत किया गया। जांच के दौरान सोने के नकली होने की बात सामने आई। बैंक स्तर से मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। शिकायत के आधार पर थाना कैंट में मु0अ0सं0 441/2026, धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

ये भी पढ़ें- Kolhui: लावारिस बाइक के बाद नहर में मिला था युवक का शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ हैरतअंगेज खुलासा

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। प्रभारी निरीक्षक कैंट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की हुई पहचान

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुर्विजय कुमार पुत्र दीनानाथ निषाद, निवासी लक्ष्मणपुर बिस्वा, थाना चौरीचौरा, गोरखपुर और सरवन कुमार निषाद पुत्र स्व. तोलई निषाद, निवासी ब्रह्मपुर, थाना झंगहा, गोरखपुर के रूप में हुई है।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि नकली सोना कहां से हासिल किया गया था और क्या इससे पहले भी इसी तरह किसी बैंक में गोल्ड लोन लेने का प्रयास किया गया है। पुलिस अन्य संभावित मामलों में भी उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें- गलत संबंध बनाओ वरना बच्चों समेत सड़क पर फेंक दूंगा…; चंदौली में हैवान बना देवर, विधवा की आपबीती सुन कांप जाएगी रूह

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अवनीश कुमार पांडेय, चौकी प्रभारी गोलघर, कांस्टेबल कुमार रवि और कांस्टेबल अजीत कुमार शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Location :  Gorakhpur

Published :  20 August 2026, 7:27 PM IST