Gorakhpur Encounter: पुलिस को देखते ही 50 हजार के इनामी ने शुरू कर दी फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली

गोरखपुर में गुरुवार को पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। मौके से हथियार और वाहन भी बरामद हुआ। पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर आरोपी से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आई हैं।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 27 August 2026, 2:16 PM IST

Gorakhpur:  गोरखपुर के पीपीगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी वांछित बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की तलाश लंबे समय से की जा रही थी।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी सिसई पुल के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पीपीगंज पुलिस और स्वाट टीम ने इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी।

पुलिस के मुताबिक बदमाश ने की फायरिंग

पुलिस का कहना है कि टीम ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।

इस दौरान आरोपी के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लग गई। गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

Maharajganj : देश के रक्षकों को छात्राओं ने बांधी राखी, SSB कैंप में दिखा भावुक नजारा

हथियार और वाहन बरामद

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान पीपीगंज थाना क्षेत्र के भरोहिया गांव निवासी गुड्डू ढाढ़ी पुत्र गोबरी प्रसाद के रूप में हुई है। उसके कब्जे से .12 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।

इसके अलावा पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए दोपहिया वाहन को भी कब्जे में लिया है।

2023 के गैंगस्टर केस में था वांछित

पुलिस के मुताबिक, गुड्डू ढाढ़ी वर्ष 2023 में पीपीगंज थाने में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

मुठभेड़ और अवैध हथियार बरामदगी के मामले में पीपीगंज थाने में मुकदमा संख्या 322/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 132, 109 और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है।

आधी रात हनुमान मंदिर में कौन घुसा? हमीरपुर की इस शर्मनाक वारदात ने ग्रामीणों के उड़ाए होश!

कई थानों में दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पीपीगंज, कैंपियरगंज और संतकबीरनगर के खलीलाबाद थाने में हत्या, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ वर्ष 2004 से लगातार आपराधिक मामले दर्ज होते रहे हैं। अब पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और मौजूदा मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

इन पुलिसकर्मियों ने की कार्रवाई

कार्रवाई में पीपीगंज थानाध्यक्ष राकेश रोशन सिंह, उपनिरीक्षक अभिषेक कुशवाहा, स्वाट टीम प्रभारी पुरुषोत्तम आनंद सिंह समेत पीपीगंज पुलिस और स्वाट टीम के जवान शामिल रहे। पुलिस अब मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Location :  Gorakhpur

Published :  27 August 2026, 2:16 PM IST