रात में घर से निकला था बेटा… कुछ ही मिनट बाद गूंजी चीखें, खंभे के पास पहुंचते ही मच गया कोहराम

गोरखपुर के झंगहा क्षेत्र में बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से 19 वर्षीय इंटर पास छात्र नितिन विश्वकर्मा की मौत हो गई। मां ने बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सकीं। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 26 July 2026, 4:39 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर के झंगहा थाना क्षेत्र के राघोपट्टी पड़री फैलहा टोला में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय छात्र नितिन विश्वकर्मा की करंट लगने से मौत हो गई। हाल ही में इंटरमीडिएट की परीक्षा पास करने वाले नितिन की मौत से पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बिजली के खंभे के संपर्क में आते ही मची चीख-पुकार

जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 9:30 बजे नितिन घर से बाहर लघुशंका के लिए निकला था। अंधेरा होने के कारण वह घर के पास लगे बिजली के खंभे से टकरा गया। जैसे ही उसका शरीर खंभे से छुआ, उसमें दौड़ रहे करंट की चपेट में आ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि नितिन दर्द से चीखने लगा और मदद के लिए पुकारने लगा।

मां ने बचाने की कोशिश की, लेकिन नहीं बच सकी जान

बेटे की आवाज सुनकर मां मीना देवी दौड़कर मौके पर पहुंचीं और उसे बचाने का प्रयास किया। हालांकि खंभे में तेज करंट होने के कारण वह उसे तुरंत अलग नहीं कर सकीं। ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति बंद कराई और फिर नितिन को खंभे से अलग कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ब्रह्मपुर पहुंचाया। गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने उसे एम्स गोरखपुर रेफर किया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Hardik Pandya: क्या मुंबई इंडियंस छोड़ेंगे हार्दिक? CSK के करोड़ों के ऑफर ने बढ़ाई हलचल

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

नितिन के पिता राजेश विश्वकर्मा का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में मां मीना देवी और बड़ा भाई विशाल विश्वकर्मा हैं, जो महाराष्ट्र में मजदूरी करते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और गांव में शोक का माहौल बन गया।

सावन व्रत में बोरिंग खाने को कहें अलविदा: सात्विक थाली में शामिल करें ये 25 टेस्टी फूड्स, मिलेगी दिनभर इंस्टेंट एनर्जी

बिजली विभाग पर उठे सवाल

घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि यदि बिजली के खंभे में करंट उतरने की समस्या का समय रहते समाधान किया गया होता, तो यह हादसा टाला जा सकता था। ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

Location :  Gorakhpur

Published :  26 July 2026, 4:39 PM IST