
गुलरिहा पुलिस ने पीड़ित को लौटाई रकम (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: गोरखपुर में साइबर ठगी का शिकार हुए एक व्यक्ति के लिए समय पर की गई शिकायत राहत लेकर आई। गुलरिहा थाना पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने ऑनलाइन फ्रॉड के जरिए खाते से निकाले गए 73,501.10 रुपये वापस करा दिए। साइबर ठगी की इस घटना में पीड़ित के बैंक खाते से कुल 80 हजार रुपये निकाले गए थे।
ठगी की जानकारी होने के बाद पीड़ित ने बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद मामले की जानकारी गुलरिहा थाने की साइबर हेल्प डेस्क टीम तक पहुंची।
शिकायत मिलते ही साइबर हेल्प डेस्क टीम ने मामले में तेजी से कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने संबंधित बैंकों से संपर्क किया और ठगी की रकम को ट्रेस करने की कोशिश की। साथ ही रकम को आगे दूसरे खातों में ट्रांसफर होने से रोकने के लिए अलग-अलग बैंक खातों में धनराशि होल्ड कराई गई। पुलिस की कार्रवाई के दौरान ठगी गई रकम में से 73,501.10 रुपये को विभिन्न बैंक खातों में होल्ड कराने में सफलता मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने रकम वापस कराने के लिए जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
ये भी पढ़ें- कोतवाली के शौचालय में युवक की मौत से उबाल: प्रतापगढ़ के पट्टी में अंतिम संस्कार पर अड़े परिजन, छावनी बना गांव
आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद होल्ड की गई पूरी धनराशि पीड़ित के पक्ष में अवमुक्त कराई गई। इसके बाद 73,501.10 रुपये पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दिए गए। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत शिकायत दर्ज कराएं, ताकि रकम को आगे ट्रांसफर होने से पहले संबंधित बैंक खातों में होल्ड कराने की कोशिश की जा सके।
ये भी पढ़ें- “सड़क पर भर गया एक फीट से ज्यादा पानी, अब इसी रास्ते से स्कूल जा रहे बच्चे”; अंबोला में जलभराव से बढ़ी परेशानी
पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नगर और पुलिस अधीक्षक अपराध के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक गुलरिहा के नेतृत्व में की गई। धनराशि वापस कराने वाली टीम में उपनिरीक्षक आयुष द्विवेदी, साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी थाना गुलरिहा, कांस्टेबल संतोष चौहान और आरक्षी अनीश प्रताप सिंह शामिल रहे।
Location : Gorakhpur
Published : 22 September 2026, 12:45 PM IST