गोरखपुर से सामने आई कड़वी सच्चाई, क्या अभी भी नाबालिगों से करवाई जा रही है मजदूरी?

गोरखपुर में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने बाल श्रम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार नाबालिग बच्चों को विभिन्न प्रतिष्ठानों से रेस्क्यू किया है। बच्चों को सुरक्षित संरक्षण में भेजा गया है। पुलिस ने प्रतिष्ठान संचालकों को चेतावनी देते हुए जांच अभियान जारी रखा है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 13 June 2026, 6:38 PM IST

Gorakhpur: बाल श्रम एवं बाल संरक्षण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोरखपुर पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (एएचटी) यूनिट ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न प्रतिष्ठानों पर कार्य कर रहे चार नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया। पुलिस की इस कार्रवाई से बाल श्रम कराने वाले प्रतिष्ठानों में हड़कंप मच गया।

नाबालिग बच्चे कार्य करते दिखे

पुलिस अधीक्षक अपराध के निर्देशन में थाना प्रभारी एएचटी अपनी टीम के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच और चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान पासपोर्ट ऑफिस स्थित एच.एन. सिंह चौराहा क्षेत्र में कार्स गैलरी वाशिंग सेंटर एंड एक्सेसरीज प्वाइंट, असुरन चौराहे पर स्थित गुप्ता भोजनालय तथा चरगांवा चौराहे के पास कृष्णा स्वीट हाउस में निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान इन प्रतिष्ठानों पर चार नाबालिग बच्चे कार्य करते पाए गए।

कम उम्र में श्रम करना उनके अधिकारों का उल्लंघन

पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी बच्चों को बाल श्रम से मुक्त कराया और उन्हें सुरक्षित संरक्षण में लिया। रेस्क्यू किए गए बच्चों से बातचीत कर उन्हें शिक्षा के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को समझाया कि उनका भविष्य शिक्षा से ही सुरक्षित और उज्ज्वल बन सकता है तथा कम उम्र में श्रम करना उनके अधिकारों का उल्लंघन है।

Deoria News: देवरिया में अवैध निर्माण करने वालों की अब खैर नहीं, डीएम के पहुंचते ही रुका काम

नाबालिग बच्चों से काम कराना कानूनन अपराध

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को भी बाल श्रम निषेध कानूनों की जानकारी देते हुए चेतावनी दी कि नाबालिग बच्चों से काम कराना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

अमरोहा मर्डर केस में बड़ा यू-टर्न, उम्रकैद की सजा काट रही महिला को इलाहाबाद हाईकोर्ट से मिली जमानत

रेस्क्यू किए गए बच्चों को आगे की आवश्यक कार्रवाई एवं पुनर्वास प्रक्रिया के लिए सिटी चाइल्ड हेल्पलाइन, गोरखपुर को सुपुर्द कर दिया गया। चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम बच्चों की पारिवारिक एवं सामाजिक स्थिति का आकलन कर उनके बेहतर भविष्य के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।

गोरखपुर पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान बाल श्रम उन्मूलन और बच्चों के अधिकारों की रक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और बाल श्रम कराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  13 June 2026, 6:36 PM IST