
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के चौरी चौरा थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने और समय-समय पर आर्थिक लाभ देने का भरोसा देकर बैंक खातों की जानकारी हासिल करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बैंक खातों और बैंकिंग एक्सेस को अपने नियंत्रण में लेकर रकम की निकासी और स्थानांतरण करता था। उसके पास से दो पासबुक, दो एटीएम कार्ड और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, धोखाधड़ी के मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी चौरी चौरा की निगरानी और प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में टीम ने मुकदमा संख्या 362/2026 से संबंधित आरोपी को गिरफ्तार किया।
रविवार को बंद था बैंक, फिर अचानक निकलने लगा धुआं; गोरखपुर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग
पुलिस ने गिरफ्तार युवक की पहचान गोल्डन भारद्वाज उर्फ रितिक पुत्र विधिचंद, निवासी ग्राम बिलारी, थाना चौरी चौरा के रूप में की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। जांच के दौरान आरोपी का नाम सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर पहले से बनाई गई योजना के तहत वादी को अच्छी नौकरी और आर्थिक लाभ का लालच दिया। इसके बाद उसने वादी के भारतीय स्टेट बैंक खाते और उसके भाई के पंजाब नेशनल बैंक खाते से संबंधित दस्तावेज तथा बैंकिंग एक्सेस अपने कब्जे में ले लिया।
आरोप है कि बैंक खातों का नियंत्रण हासिल करने के बाद आरोपी ने उनमें रकम जमा कराई और एटीएम के जरिए निकासी तथा धनराशि का स्थानांतरण किया। पुलिस अब खातों में हुए लेनदेन और रकम के इस्तेमाल से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
Paper Leak: गोरखपुर में पेपर लीक और बेरोजगारी के खिलाफ Gen-Z का जुटान, नेहा बोरा का बड़ा ऐलान
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ चौरी चौरा थाने में धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा वर्ष 2021 में उसके खिलाफ धारा 354(ख), 354(घ), 504, 506 आईपीसी और 7/8 पॉक्सो एक्ट के तहत भी मामला दर्ज हुआ था।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में निरीक्षक कृष्णानन्द कुशवाहा, उपनिरीक्षक मनीष श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक शिवकुमार यादव, हेड कांस्टेबल हरिकिशोर तिवारी और कांस्टेबल प्रियेश यादव शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Location : Gorakhpur
Published : 14 September 2026, 7:41 PM IST