
पति-पत्नी के विवाद में पहुंचा मायका पक्ष (Source: Dynamite News)
Gorakhpur: कैम्पियरगंज थाना क्षेत्र के बेलमा टोला सोहतउवां गांव में मंगलवार को पति-पत्नी के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते दो पक्षों के बीच मारपीट में बदल गया। पत्नी के मायके पक्ष के लोगों के पहुंचने के बाद दोनों पक्ष बातचीत के जरिए मामला सुलझाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन इसी दौरान ऐसा क्या हुआ कि मौके पर अचानक हंगामा खड़ा हो गया? घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मामले में नौ लोगों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी रामसमुझ यादव पुत्र ओरी यादव का अपनी पत्नी प्रमिला से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर प्रमिला ने अपने पिता, भाई, चाचा समेत मायके पक्ष के अन्य लोगों को गांव बुला लिया। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने बैठकर बातचीत के जरिए विवाद को सुलझाने का प्रयास कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान पत्नी के भाई का पुत्र कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंच गया। इसके बाद किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते माहौल गर्म हो गया और कहासुनी मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे से भिड़ गए।
Prayagraj: जिस रिश्ते पर था भरोसा उसी ने लगाया दाग, पुलिस आयी एक्शन में
मारपीट के दौरान आर्यन गौड़ और संजना यादव घायल हो गए। अचानक हुए विवाद से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पीआरवी टीम मौके पर पहुंची और पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को शांत कराया।
पुलिस ने घायल आर्यन गौड़ और संजना यादव को पीआरवी वाहन से निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों को उपचार के लिए भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने घायलों को समय से उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पति-पत्नी का विवाद बना बवाल की वजह! ससुराल और मायके पक्ष में जमकर मारपीट, पुलिस ने उठाया बड़ा कदम
घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से कैम्पियरगंज थाने में तहरीर दी गई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने पति पक्ष के पांच और पत्नी व उसके मायके पक्ष के चार लोगों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस मौके पर मौजूद लोगों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 12 August 2026, 7:46 AM IST
Topics : Campierganj News Gorakhpur News UP Crime News