
पीड़ित के चेहरे पर लौटी मुस्कान (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में ऑटो रिक्शा में गलती से छूटे दो बैग में रखे कीमती सामान और आभूषण को कैंट पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर बरामद कर पीड़ित के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी। पुलिस की तत्परता और सीसीटीवी कैमरों की मदद से ऑटो की पहचान कर सामान सुरक्षित बरामद किया गया। शनिवार को सत्यापन के बाद दोनों बैग पीड़ित को सुपुर्द कर दिए गए।
पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त की शाम करीब चार बजे एक व्यक्ति कुसम्ही बाजार से ऑटो रिक्शा में बैठकर गोरखपुर रोडवेज रेलवे बस स्टैंड पहुंचा। बस स्टैंड पर उतरने के दौरान वह अपने दोनों बैग ऑटो में ही भूल गया। बैग में कीमती सामान के साथ आभूषण भी रखे थे। कुछ समय बाद जब पीड़ित को बैग छूटने की जानकारी हुई तो उसने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
Gorakhpur Airport: गोरखपुर एयरपोर्ट पर टला बड़ा हवाई हादसा, Indigo प्लेन का रनवे पर टेल इम्पैक्ट
इसके बाद रात करीब सात बजे पीड़ित ने रेलवे चौकी, थाना कैंट को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल खोजबीन शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज के आधार पर पुलिस ने उस ऑटो रिक्शा की पहचान की, जिसमें पीड़ित के बैग छूटे थे।
ऑटो की पहचान होने के बाद पुलिस टीम ने ऑटो चालक से दूरभाष के माध्यम से संपर्क किया। पुलिस की तत्परता और लगातार प्रयास के परिणामस्वरूप बैग में रखा कीमती सामान और आभूषण सुरक्षित बरामद कर लिए गए। पुलिस ने करीब 12 घंटे के अंदर सामान बरामद कर मामले का सफलतापूर्वक निस्तारण कर दिया।
Gorakhpur: कब तक भागता कानून से? 12 साल बाद इस तरह दबोचा गया कुख्यात इनामी
शनिवार को पीड़ित को रेलवे चौकी बुलाया गया। पुलिस ने आवश्यक सत्यापन की कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों बैग में मौजूद सामान और आभूषण उसे सुरक्षित सुपुर्द कर दिए। सामान वापस मिलने पर पीड़ित ने कैंट पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रवि प्रकाश कुँवर, चौकी प्रभारी रेलवे थाना कैंट, कांस्टेबल संजीत यादव तथा हेड कांस्टेबल राम सिंह शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से एक बार फिर सामने आया कि सीसीटीवी निगरानी और त्वरित पुलिस कार्रवाई के जरिए आम लोगों की खोई हुई संपत्ति को सुरक्षित वापस दिलाने में मदद मिल रही है।
Location : Gorakhpur
Published : 22 August 2026, 8:42 PM IST