
सलाखों के पीछे बंद आरोपी (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: गोरखपुर में जमीन में निवेश कर मोटा मुनाफा दिलाने और एक करोड़ रुपये का बैंक ऋण स्वीकृत कराने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित से 51 लाख रुपये लेने के बाद उसे फर्जी बैंक दस्तावेज दिखाकर गुमराह किया गया। मामला खुलने पर शाहपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पूरे प्रकरण में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक शाहपुर के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक राकेश कुमार सिंह और उनकी टीम ने कार्रवाई की। इस दौरान थाना शाहपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 269/2026 के वांछित आरोपी खलील अहमद पुत्र स्वर्गीय करामत, निवासी मोहनापुर घोसीपुरवा, जंगल हकीम नंबर-1, थाना शाहपुर, को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की पूर्ववर्ती धाराओं 419, 420, 504 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज है।
ये भी पढ़ें- पति ने रिमोट लेकर मनपसंद चैनल बदला तो पारा हुआ हाई, पत्नी ने हंसिया उठाया और काट डाला…
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी और उसके साथियों ने वादी को जमीन में पैसा लगाकर बड़ा व्यापार करने और अच्छा मुनाफा कमाने का सपना दिखाया। भरोसा जीतने के बाद उससे कुल 51 लाख रुपये ले लिए। जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने केवल कुछ धनराशि लौटाई, जबकि शेष रकम देने से टालमटोल करते रहे।
इसके बाद आरोपियों ने एक नया झांसा दिया। उन्होंने दावा किया कि वे पीड़ित के नाम एक करोड़ रुपये का बैंक ऋण स्वीकृत करा देंगे और उस पर 40 प्रतिशत सरकारी अनुदान भी मिलेगा। विश्वास दिलाने के लिए एक्सिस बैंक, गोरखपुर के नाम से तैयार किए गए कथित दस्तावेज भी सौंप दिए गए। हालांकि पीड़ित ने जब बैंक से इन दस्तावेजों की जांच कराई तो वे पूरी तरह फर्जी निकले।
ये भी पढ़ें- Maharajganj News: पोखरे में डूबे बच्चों के घर पहुंचे DM-SP, 4 लाख सहायता का ऐलान
पुलिस के मुताबिक फर्जीवाड़े का खुलासा होने पर पीड़ित ने दोबारा अपनी पूरी रकम वापस मांगी। आरोप है कि इस पर आरोपी और उसके साथियों ने गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पीड़ित ने शाहपुर थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया।
गिरफ्तारी अभियान में वरिष्ठ उपनिरीक्षक राकेश कुमार सिंह के साथ कांस्टेबल विकास वर्मा और कांस्टेबल विवेक कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और आर्थिक लेनदेन, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है।
Location : Gorakhpur
Published : 2 August 2026, 7:40 PM IST