
रेलवे टावर पर बच्चों संग चढ़ी महिला (Img: AI Generated)
Gonda: उत्तर प्रदेश के गोंडा रेलवे स्टेशन परिसर में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला अपने दो बच्चों के साथ रेलवे के ऊंचे टावर पर चढ़ गई। महिला कई घंटों तक टावर पर बैठी रही और अपने कथित प्रेमी के साथ रहने की मांग करती रही। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की टीमें मौके पर पहुंच गईं और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू कर दिए।
जानकारी के अनुसार, तरबगंज थाना क्षेत्र के तिवारी बाजार पथार निवासी गीता देवी अपने दो बच्चों के साथ गोंडा रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में स्थित लगभग 150 फीट ऊंचे रेलवे टावर पर चढ़ गईं। बताया जा रहा है कि महिला कई घंटों तक टावर पर बैठी रही और नीचे आने से इनकार करती रही।
महिला का आरोप है कि उसके पति ने उसे छोड़ दिया है। वहीं, उसने अपने कथित प्रेमी राम अकबाल सिंह पर साथ न रखने और खाने-पीने का खर्च न देने का आरोप लगाया है। महिला टावर पर बैठकर लगातार प्रेमी के साथ रहने की मांग करती रही।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस, GRP और RPF की टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारी लगातार महिला को समझाने का प्रयास करते रहे ताकि उसे और बच्चों को सुरक्षित नीचे उतारा जा सके। रेलवे स्टेशन परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई।
बताया जा रहा है कि यह पहला मौका नहीं है जब महिला इस तरह टावर पर चढ़ी हो। जून महीने में भी वह एक अन्य स्थान पर लगे टावर पर चढ़ गई थी, जहां पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा था।
जानकारी के मुताबिक, महिला ने इसी वर्ष मार्च में अपने कथित प्रेमी के खिलाफ शारीरिक शोषण का मुकदमा भी दर्ज कराया था। इसके बावजूद अब वह उसी व्यक्ति के साथ रहने की मांग कर रही है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की प्राथमिकता महिला और बच्चों को सुरक्षित नीचे उतारना है।
RPF प्रभारी अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि महिला सुबह से टावर पर चढ़ी हुई है और पुलिस व RPF की टीमें लगातार उसे समझाने में जुटी हैं। बचाव कार्य जारी है और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया जा रहा है।
Location : Gonda
Published : 3 July 2026, 4:47 PM IST