बदायूं में तेज रफ्तार बाइक बनी काल, सड़क किनारे जा रहे अधेड़ को रौंदा; घर में पसरा मातम

बदायूं में तेज रफ्तार का कहर एक परिवार की खुशियां छीन ले गया। सड़क किनारे पैदल जा रहे अधेड़ को बाइक सवार ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 24 August 2026, 11:25 PM IST
google-preferred

Budaun: जनपद के उसावां थाना क्षेत्र में सोमवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। मनशानगला गांव के पास एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने सड़क किनारे पैदल जा रहे अधेड़ को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान महेंद्र (50 वर्ष) पुत्र उत्तम, निवासी ग्राम बझेड़ा, थाना उसावां, जनपद बदायूं के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महेंद्र रोज की तरह गुरुवार देर शाम अपने घर पर खाना खाकर खेत की रखवाली के लिए जा रहे थे।

जैसे ही वह मनशानगला गांव के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महेंद्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने घटना की सूचना तत्काल परिजनों और पुलिस को दी।

108 एंबुलेंस से ले जाया गया जिला अस्पताल

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस सेवा द्वारा घायल को आनन-फानन में जिला अस्पताल बदायूं लाया गया, जहां इमरजेंसी में तैनात डॉक्टरों ने उनका चेकअप किया। चेकअप के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है और इस पूरे मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई है।

काश! वो गुस्सा पी लिया होता… बदायूं में मामूली बात पर उठा हाथ, और हमेशा के लिए खामोश हो गए दादा

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतक के परिजनों से घटना के बारे में जानकारी ली। फिलहाल पुलिस बाइक सवार की तलाश में जुट गई है। बताया जा रहा है कि टक्कर मारने के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया।

अस्पताल के गेट पर फंसी ट्रैक्टर-ट्रॉली, बाहर एंबुलेंस में तड़पती रही प्रसूता; बदायूं में जल जीवन मिशन की लापरवाही उजागर

खाना खाकर खेत पर जा रहे थे

मृतक के भतीजे ने बताया कि "चाचा घर से खाना खाकर खेत पर जाने की बात कहकर निकले थे। हमें सूचना मिली कि मनशानगला के पास किसी तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी है। जब तक हम अस्पताल पहुंचे उनकी मौत हो चुकी थी।"

इधर मौत की खबर सुनते ही गांव बझेड़ा में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने प्रशासन से आरोपी बाइक सवार के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।

Location :  Budaun

Published :  24 August 2026, 11:22 PM IST

Related News

Advertisement