गाजीपुर में बड़ा खुलासा! सांसद अफजाल अंसारी पर फिर FIR, गायब हुई हथियारों की फाइलों ने बढ़ाई मुश्किलें

गाजीपुर में शस्त्र लाइसेंस से जुड़ी पत्रावली गायब होने के मामले में सांसद अफजाल अंसारी समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस का दावा है कि जांच में रिकॉर्ड गायब कराने की साजिश सामने आई है। यह इस मामले में पुलिस की पांचवीं बड़ी कार्रवाई है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 29 July 2026, 10:08 AM IST

Ghazipur:  गाजीपुर में शस्त्र लाइसेंस से जुड़े मामले में समाजवादी पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। पुलिस ने लाइसेंस पर खरीदी और बिक्री की गई रायफल से संबंधित पत्रावली कथित रूप से गायब कराने के आरोप में अफजाल अंसारी समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।

दो शस्त्र लिपिक भी जांच के घेरे में

पुलिस ने इस मामले में तत्कालीन शस्त्र लिपिक गौरीशंकर लाल और सुग्रीव तिवारी को भी आरोपी बनाया है। आरोप है कि शस्त्र लाइसेंस और हथियारों की खरीद-बिक्री से जुड़े महत्वपूर्ण अभिलेखों को कथित मिलीभगत से अभिलेखागार से गायब कराया गया, जिससे जांच प्रभावित हुई।

जांच में क्या आया सामने?

एसपी डॉ. ईरज राजा के मुताबिक, मुख्तार अंसारी (दिवंगत), उनके परिजनों और आईएस-191 गैंग से जुड़े लोगों के शस्त्र लाइसेंसों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान 51 शस्त्र लाइसेंसों पर खरीदे-बेचे गए 145 हथियारों का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। इसी दौरान अफजाल अंसारी के शस्त्र लाइसेंस संख्या 1188/पी-11 से संबंधित रिकॉर्ड और खरीद-बिक्री की पत्रावली गायब मिलने का मामला सामने आया।

रायफल का रिकॉर्ड भी नहीं मिला

पुलिस के अनुसार, कई वर्ष पहले अरुणाचल प्रदेश के अलोंग जिले से खरीदी गई एक एनपीबी रायफल का रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं है। संबंधित दस्तावेज नहीं मिलने के कारण हथियार का भौतिक सत्यापन नहीं हो पा रहा है। पुलिस का कहना है कि इसी वजह से मामले में आपराधिक मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

UP Assembly Session Schedule: 3 अगस्त से गूंजेगा यूपी सदन, अनुपूरक बजट से लेकर विधेयकों तक, जानिए पूरा शेड्यूल

लगातार पांचवीं कार्रवाई

शस्त्र लाइसेंस से जुड़े दस्तावेजों के गायब होने के मामले में यह पुलिस की पांचवीं बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 22 जुलाई को अफजाल अंसारी समेत तीन लोगों के खिलाफ पहला मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके बाद मुख्तार अंसारी की पत्नी आफ्शा अंसारी, गैंग से जुड़े अन्य लोगों और सहयोगियों के खिलाफ भी अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गईं। मंगलवार को दर्ज की गई नई एफआईआर ने मामले को और गंभीर बना दिया है।

दिल्ली से UP तक सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट जारी, इन वजहों से टूट रहा है गोल्ड; जानें आज के ताजा भाव

जांच जारी, आगे और कार्रवाई के संकेत

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शस्त्र लाइसेंस और हथियारों के रिकॉर्ड में कथित अनियमितताओं की परतें लगातार खुल रही हैं।

Location :  Ghazipur

Published :  29 July 2026, 10:08 AM IST