
गाजियाबाद पुलिस ने हाजी सलमान को गिरफ्तार किया (Img: X)
Ghaziabad: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में 11 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के मामले में शुक्रवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। पॉक्सो की विशेष अदालत ने आरोपी हाजी सलमान को कोर्ट में तलब किया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
कोर्ट के आदेश के बाद सलमान को डासना जेल भेज दिया गया। मामले की सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष की ओर से आरोपों को झूठा बताया गया, जबकि अभियोजन पक्ष ने मामले को गंभीर बताते हुए कार्रवाई की मांग की।
अभियोजन पक्ष के अधिवक्ता उत्कर्ष वत्स के अनुसार, लोनी बॉर्डर थाने में सितंबर में 11 वर्षीय बच्ची और उसकी मां से संबंधित दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया गया था। शिकायत में घटना 3 सितंबर की रात करीब 9 बजे की बताई गई है। पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है। आरोपी को जांच अधिकारी मुकेश सोलंकी कोर्ट में लेकर पहुंचे थे। सुनवाई के बाद अदालत ने सलमान को न्यायिक हिरासत में भेजने का फैसला सुनाया।
ये भी पढ़ें: Ghaziabad News: पुलिस चौकी में चल रही थी दोनों पक्षों की बात, अचानक बाहर आया युवक और खुद को लगा ली आग
सुनवाई के बाद कोर्ट परिसर में उस समय स्थिति थोड़ी तनावपूर्ण हो गई, जब सलमान के पक्ष में आए कुछ अधिवक्ताओं की जांच अधिकारी से नोकझोंक हो गई। मामले की जानकारी मिलने पर बार एसोसिएशन के सचिव वरुण त्यागी ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया। इसके बाद अधिवक्ताओं को वहां से भेज दिया गया। कुछ देर बाद पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया और किसी तरह की बड़ी घटना नहीं होने दी।
हाजी सलमान के खिलाफ चल रहे एक अन्य मामले में भी शुक्रवार को सुनवाई हुई। एससी-एसटी एक्ट की विशेष अदालत में सलमान की ओर से जानलेवा हमला करने की धाराएं हटाने की मांग करते हुए अर्जी दाखिल की गई थी। अदालत ने इस मामले में भी आरोपी को राहत नहीं दी। कोर्ट ने जानलेवा हमले की धाराओं को गंभीर मानते हुए उन्हें हटाने से इनकार कर दिया। इससे पहले इसी मामले में बलवे से जुड़ी धाराएं हटाने की अर्जी अदालत स्वीकार कर चुकी थी।
ये भी पढ़ें: Ghaziabad Factory Fire: बैग फैक्ट्री में अचानक भड़की भीषण आग, धुएं का गुबार देख मचा हड़कंप; JCB से तोड़ी गई दीवार
शुक्रवार को हुई दोनों अदालतों की कार्रवाई के बाद हाजी सलमान की मुश्किलें बढ़ गई हैं। एक तरफ पॉक्सो मामले में उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में डासना जेल भेजा गया है, वहीं दूसरी ओर एससी-एसटी एक्ट के मामले में जानलेवा हमले की धाराएं बरकरार रखी गई हैं। अब संबंधित मामलों में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी। पुलिस जांच और अदालत में होने वाली अगली सुनवाई के बाद मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
Location : Ghaziabad
Published : 12 September 2026, 1:03 PM IST