Ghaziabad Factory Fire: बैग फैक्ट्री में अचानक भड़की भीषण आग, धुएं का गुबार देख मचा हड़कंप; JCB से तोड़ी गई दीवार

गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी इंडस्ट्रियल एरिया की बैग फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग के कारण टिन शेड गिर गया, जिसके बाद JCB से दीवार तोड़कर दमकल कर्मियों ने अंदर पहुंचकर आग बुझाई। करीब 12 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। राहत की बात है कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 5 September 2026, 11:21 AM IST
google-preferred

Ghaziabad: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में शनिवार को एक बैग बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। ट्रॉनिका सिटी इंडस्ट्रियल एरिया के सेक्टर A3 में स्थित R&R Inc. Corporation फैक्ट्री में आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा परिसर धुएं और ऊंची लपटों से घिर गया। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया।

बैग फैक्ट्री में कैसे लगी आग?

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। फैक्ट्री के अंदर बैग बनाने में इस्तेमाल होने वाला प्लास्टिक और बड़ी मात्रा में अन्य कच्चा माल रखा हुआ था। ज्वलनशील सामान होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। कुछ ही समय में आग की लपटें और काले धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा।

टिन शेड गिरने से बढ़ी चुनौती

आग के दौरान फैक्ट्री का टिन शेड भी नीचे गिर गया। इसके चलते अंदर सुलग रही आग तक पहुंचना दमकल कर्मियों के लिए मुश्किल हो गया। आग बुझाने और अंदर जाने का रास्ता बनाने के लिए दमकल कर्मियों को JCB की मदद लेनी पड़ी। JCB से फैक्ट्री की दीवार को तोड़ा गया, जिसके बाद मलबे के नीचे सुलग रही आग पर पानी की बौछार की गई।

12 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

आग की गंभीरता को देखते हुए ट्रॉनिका सिटी फायर स्टेशन के साथ आसपास के इलाकों से भी दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। करीब 12 फायर टेंडर और पानी के टैंकरों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। दमकल कर्मियों ने करीब 8 से 10 होज लाइनों के जरिए लगातार पानी की बौछार की।

डीजल कारों के दीवानों के लिए खुशखबरी: बाजार में जल्द तहलका मचाने आ रही हैं ये 5 दमदार SUVs, देख लें लिस्ट

लाखों रुपये का सामान जलने का अनुमान

राहत की बात यह रही कि इस भीषण आग में किसी के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं है। हालांकि फैक्ट्री में रखा बैग बनाने का कच्चा माल और अन्य सामान जलकर खाक होने का अनुमान है। शुरुआती तौर पर नुकसान लाखों रुपये का बताया जा रहा है। फिलहाल आग लगने के सही कारण और कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Location :  Ghaziabad

Published :  5 September 2026, 11:21 AM IST

Related News

Advertisement