मां-बेटी की मौत से मचा हड़कंप, पिता ने खोला घर का कथित राज; दहेज से लेकर पति के संबंधों तक के आरोप

गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में मां-बेटी की मौत के मामले में मृतका के पिता ने पति, सास और ननद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पिता ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने, कम सुंदर होने के ताने देने और पति के दूसरी युवती से संबंध का आरोप लगाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 28 September 2026, 2:04 PM IST

Ghaziabad: गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र के भारत नगर में मां-बेटी की मौत के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। 25 सितंबर को हुई इस घटना में मृतका के पिता ने बेटी के पति, सास और ननद के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही उनकी बेटी को दहेज और कम सुंदर होने को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि मृतका के पति के किसी दूसरी युवती से संबंध थे और इसका विरोध करने पर बेटी के साथ मारपीट की जाती थी।

शादी के बाद से प्रताड़ना का आरोप

उन्नाव के चकलवंशी गांव निवासी अवधेश सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में अपनी बेटी प्रीति के पति अनिरूद्ध उर्फ सोनू, उसकी मां राजरानी और बहन रिंकी को नामजद किया है। पिता का आरोप है कि शादी के कुछ महीने बाद से ही प्रीति को परेशान किया जाने लगा था। शिकायत के मुताबिक, अनिरूद्ध कथित तौर पर कहता था कि उसने अपने पिता की अंतिम इच्छा पूरी करने के लिए प्रीति से शादी की थी और वह खुद इस शादी के लिए इच्छुक नहीं था। आरोप है कि इसी बात को लेकर भी प्रीति को मानसिक रूप से परेशान किया जाता था।

'कम सुंदर है और दहेज भी कम लाई'

मृतका के पिता ने आरोप लगाया है कि प्रीति की सास और ननद उसे कम सुंदर होने और कम दहेज लाने को लेकर ताने देती थीं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि तीनों आरोपी पांच लाख रुपये दहेज की मांग कर रहे थे। पिता का कहना है कि दहेज की मांग को लेकर बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। अब पुलिस शिकायत में लगाए गए इन आरोपों की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना से पहले परिवार में किस तरह का विवाद चल रहा था।

गाजियाबाद में मां-बेटी की मौत के बाद हुआ ऐसा खुलासा, खुद सवालों में घिरा पति, चल रहा था नर्स से अफेयर

पति के दूसरी युवती से संबंध का आरोप

मृतका के पिता ने अपने दामाद अनिरूद्ध पर एक अन्य युवती से संबंध होने का भी आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक, प्रीति को इस बारे में जानकारी हो गई थी और वह कथित तौर पर पति के दूसरी युवती से मिलने का विरोध करती थी। पिता का आरोप है कि विरोध करने पर अनिरूद्ध प्रीति के साथ मारपीट करता था। शिकायत के अनुसार, घटना से एक दिन पहले भी प्रीति के साथ मारपीट की गई थी। इस विवाद को लेकर परिवार और समाज के स्तर पर कई बार पंचायत भी होने की बात कही गई है।

जान से मारने की धमकी का आरोप

पुलिस को दी गई शिकायत में मृतका के पिता ने आरोप लगाया है कि अनिरूद्ध ने प्रीति को तलाक देने की बात कही थी। आरोप के मुताबिक, प्रीति ने तलाक देने से इनकार किया तो उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। अब पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। घटना से पहले पति-पत्नी के बीच क्या विवाद हुआ था और परिवार के अन्य सदस्यों की इसमें क्या भूमिका थी, इसकी जांच की जा रही है।

चार साल पहले हुई थी प्रीति की शादी

उन्नाव के चकलवंशी गांव निवासी प्रीति की करीब चार साल पहले हरदोई के सालखेड़ा निवासी अनिरूद्ध से शादी हुई थी। शादी के बाद अनिरूद्ध अपनी पत्नी के साथ खोड़ा के भारत नगर स्थित तीन मंजिला मकान में किराये पर रहने लगा था। बताया गया है कि मकान के ग्राउंड फ्लोर पर अनिरूद्ध की बहन रिंकी सिंह रहती थी। शुक्रवार को अनिरूद्ध पानी लेने के लिए बाहर गया था। इसी दौरान रिंकी की 10 वर्षीय बेटी अनन्या उनके फ्लैट पर पहुंची।

दीवार से लटकता पैर, बाहर निकला सिर और खामोश सांसें: गाजियाबाद के फार्म हाउस में खौफनाक मंजर, चोरी की कोशिश या मौत की साजिश?

बच्ची ने खिड़की से देखा तो मचा हड़कंप

पुलिस के मुताबिक, अनन्या ने काफी देर तक फ्लैट का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उसने खिड़की से अंदर झांककर देखा। वहां प्रीति और उसकी बेटी फंदे पर लटकी दिखाई दीं। बच्ची ने इसकी जानकारी परिवार के लोगों को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य के मुताबिक, मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले में आरोपित से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी नहीं आई है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की परिस्थितियों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Ghaziabad

Published :  28 September 2026, 2:04 PM IST